चंडीगढ़ पंजाब

महिला मुक्केबाज नीरज फोगाट के डोप टेस्ट में फेल होने से परिजनों में निराशा

टोक्यो ओलंपिक के संभावितों में से अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता भारतीय महिला मुक्केबाज नीरज फोगाट का डोप टेस्ट में फेल होने से नीरज व उसके परिजनों में निराशा का माहौल है। परिजनों का कहना है कि नीरज ऐसा नहीं कर सकती, जरूर उसके साथ धोखा हुआ है।
 
 
 

चंडीगढ़ पंजाबDec 03, 2019 / 06:01 pm

Yogendra Yogi

महिला मुक्केबाज नीरज फोगाट के डोप टेस्ट में फेल होने से परिजनों में निराशा

चंडीगढ़ ( संजीव शर्मा ): टोक्यो ओलंपिक ( Tokyo Olympic ) के संभावितों में से अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता ( International Woman Boxer ) भारतीय महिला मुक्केबाज नीरज फोगाट का डोप टेस्ट में फेल होने से नीरज व उसके परिजनों में निराशा का माहौल है। परिजनों का कहना है कि नीरज ऐसा नहीं कर सकती, जरूर उसके साथ धोखा हुआ है। डोप टेस्ट में फेल ( Fail in Dope Test ) होने के कारण नीरज को अस्थायी तौर पर निलंबित ( Suspend ) कर दिया। ऐसे में नीरज अब लीग मैचों के साथ-साथ नेपाल में होने वाले विश्व चैंपियनशीप में भी भाग नहीं ले पाएगी।

अब टोक्यो ओलंपिक से वंचित
गौरतलब है कि चरखी दादरी के गांव झिंझर निवासी नीरज फोगाट को प्रदर्शन बेहतर करने वाली दवा लिगांड्रोल और अन्य एनाबालिक स्टेरायड के सेवन का दोषी पाया गया है। अस्थायी निलंबन के चलते नीरज अब 2020 में होने वाले टोक्यो ओलंपिक खेलों में भाग नहीं ले सकेंगी। 25 वर्षीय महिला बाक्सर नीरज फौगाट पिछले करीब 17 सालों से बॉक्सिंग खेल रही हैं। नीरज ने बुल्गारिया में इस साल स्ट्रांजा मेमोरियल टूनार्मेंट में कांस्य और रूस में आयोजित एक टूनार्मेंट में स्वर्ण पदक जीता था। गुवाहाटी में इंडिया ओपन में भी स्वर्ण पदक जीता था।

नाडा ( NADA ) ने पाया दोषी
राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी के अनुसार तीन नवंबर को कतर स्थित डोपिंग निरोधक लैब से मिली रिपोर्ट में नीरज को प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का दोषी पाया गया था। नाडा ने डोपिंग निरोधक नियम 2015 के उल्लंघन संबंधी नोटिस उन्हें दे दिया था। नीरज के नमूने 24 सितंबर को लिए गए और इनकी जांच कतर में लैब में की गई। बताया गया है कि पिछले सप्ताह ही नीरज को इसकी जानकारी दे दी गई थी मगर परिजनों को इसकी अब ही जानकारी मिली है। 13 नवंबर से उन्हें अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया गया।


नीरज के साथ हुआ धोखा, जांच हो
नीरज के परिजनों ने डोप टेस्ट फेल आने पर इसे धोखा बताया है। नीरज के भाई अमित फोगाट ने बताया कि डोप टेस्ट निगेटिव आने से परिजन खुद चकित हैं। नीरज घी, दूध और चूरमा का तो सेवन कर सकती हैं, लेकिन जिन दवाओं के सेवन की बात टेस्ट के नतीजों में सामने आई है वो परिजनों की समझ से बाहर है। क्योंकि पिछले छह माह से नीरज लगातार कैंप में ही रह रही हैं और इस समयावधि में एक बार भी घर नहीं आई हैं। गत दिनों हुई उसकी शादी में भी नीरज नही आई थी।

नीरज फोगाट की ये हैं उपलब्धियां
नीरज फौगाट ने दो बार नेशनल चैंपियन रही हैं। वहीं तीन बार ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियन का खिताब जीता है। सर्बिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता, जापान में आयोजित बॉक्सिंग स्पर्धा में भी गोल्ड पर कब्जा किया। फ्रांस में आयोजित बॉक्सिंग स्पर्धा में गोल्ड और रशिया में आयोजित बॉक्सिंग टूर्नामेंट में गोल्ड जीता। ओपन इंडिया गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.