चंडीगढ़ पंजाब

अलग सिख राष्ट्र की मांग का समर्थन करना खैहरा को पड़ा भारी, दिल्ली से फटकार

आम आदमी पार्टी में दूसरे नंबर के शक्तिशाली नेता माने जाने वाले और पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने खैहरा को फटकार लगाई और कहा कि इस तरह का रवैया और बयान कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

चंडीगढ़ पंजाबJun 20, 2018 / 05:20 pm

Brijesh Singh

sukhpal khaihra

राजेंद्र जादौन

चंडीगढ। अलग सिख राष्ट्र की मांग को लेकर अमेरिका स्थित संगठन सिख फाॅर जस्टिस की ओर से पंजाब में कराए जाने वाले रेफरेंडम-2020 का परोक्ष समर्थन करने पर पंजाब के नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुखपाल खैहरा को बुधवार को दिल्ली दरबार से कड़ी फटकार मिली। पंजाब के प्रभारी और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने खैहरा को साफ कहा कि ऐसे बयान बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। सिसोदिया ने खैहरा को अपने विवादित बयान के मामले में पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष के जरिए स्पष्टीकरण भेजने को भी कहा है।

जानिए-क्या कहा था खैहरा ने

सुखपाल खैहरा ने हाल में अपने ट्वीट में कहा था कि सिखों के उत्पीड़न और आॅपरेशन ब्ल्यू स्टार एवं सिख कत्लेआम जैसे मुद्दों पर न्याय न किए जाने के कारण रेफरेंडम-2020 कराया जा रहा है। जब खैहरा से इस ट्वीट पर पत्रकारों ने सवाल किया था कि क्या वे रेफरेंडम का समर्थन कर रहे हैं, तो उन्होंने जवाब में कहा था कि बस उन्हें इतना ही कहना है। इससे आगे वे कुछ नहीं कहना चाहते हैं। खैहरा ने इस तरह रेफरेंडम-2020 का परोक्ष समर्थन किया था। इस पर पंजाब के दूसरे विपक्षी दल अकाली दल-बादल ने खैहरा पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग की थी। मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने खैहरा के ट्वीट के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल से रेफरेंडम पर रूख स्पष्ट करने की मांग की थी। खैहरा ने अपने रूख को जायज ठहराने के लिए कहा था कि मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने अमृतसर घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए थे, जो कि रेफरेंडम जैसा ही था।

दिल्ली तलब हुए खैहरा

इस विवाद के चलते आम आदमी पार्टी नेतृत्व ने सुखपाल खैहरा को दिल्ली तलब किया था। खैहरा बुधवार को दिल्ली पहुंचे तों केजरीवाल ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया। केजरीवाल ने उन्हें मनीष सीसोदिया से मिलने को कहा। मनीष सीसोदिया ने खैहरा को साफ-साफ कहा कि इस तरह के बयान बर्दाश्त नहीं किए जायेंगे। इस मुलाकात के बाद खैहरा ने कहा कि उनके बयान को तोड-मरोडकर पेश किया गया।

Home / Chandigarh Punjab / अलग सिख राष्ट्र की मांग का समर्थन करना खैहरा को पड़ा भारी, दिल्ली से फटकार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.