चेन्नई

12 बच्चों को भी कोरोना,  महानगर में 3171 कोरोना पॉजिटिव

covid-19 : रायपुरम जोन में सर्वाधिक मामले, रायपुरम जोन में सर्वाधिक ५७१ मामले हैं। रायपुरम के तत्काल बाद ५६३ मामलों के साथ कोडम्बाक्कम जोन है।

चेन्नईMay 10, 2020 / 09:31 pm

MAGAN DARMOLA

पल्लावरम इलाके में पुलिस आयुक्त ए. के. विश्वनाथन ने शिविर में बसाए गए प्रवासी श्रमिकों से वार्ता की।

चेन्नई. महानगर के दो जोन बारी-बारी से ना चाहते हुए कोरोना संक्रमण की दृष्टि से अव्वल बन जा रहे हैं। चेन्नई कार्पोरेशन के आंकड़ों के अनुसार रायपुरम जोन में सर्वाधिक ५७१ मामले हैं। रायपुरम के तत्काल बाद ५६३ मामलों के साथ कोडम्बाक्कम जोन है।

यह सूची रविवार सुबह जारी की गई थी जो ९ मई के कुल संक्रमितों (३३३०) के आधार पर थी। बहरहाल, अब ५०९ नए मामलों के साथ महानगर के कोरोना पॉजिटिवों की संख्या ३८३९ हो गई तथा ६३९ के डिस्चार्ज होने की सूरत में एक्टिव संख्या ३१७१ हैं। कुल अठाइस जनों की मौत हुई है जिसमें एक मामला रविवार का है।

वार्ड संख्या के हिसाब से ७७, १२० और १२७ में कोरोना संक्रमितों की संख्या अधिक है। महानगर के विशेष नोडल अधिकारी जे. राधाकृष्णन के अनुसार चेन्नई में संक्रमितों में से १५०४ लोगों की आयु २० से ४० के बीच है। जांच में आए अधिकांश मामले कोयम्बेडु मंडी से है। इस मंडी की वजह से अब तक महानगर में २ हजार लोगों में संक्रमण फैला है।

12 बच्चे संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महानगर के नए मामलों में १२ बच्चे संक्रमित थे जिनकी आयु ३ से १२ के बीच है। जबकि राज्यभर में ३५ बच्चों में संक्रमण फैलने की पुष्टि हुई है। अगर संक्रमित बच्चों की कुल संख्या की बात की जाए तो यह ३६४ पहुंच चुकी है जो कुल मामलों का ५ प्रतिशत है।

94 हुए डिस्चार्ज
महानगर के लिहाज से कुछ सुकून भरी खबर थी तो वह यही कि ९४ कोविड-१९ मरीज उपचार के बाद घर लौटे। अब तक ६३९ मरीजों के डिस्चार्ज होने की सूरत में सक्रिय मामलों की संख्या ३१७१ है जबकि इस रोग ने २८ मरीजों की जान लील ली हैं।

पुलिस आयुक्त का दौरा

पुलिस आयुक्त ए. के. विश्वनाथन ने सेंट थामस माउंट इलाके के कंटेनमेंट जोन, आइआइटी परिसर के छात्रावास तथा नसरथपुरम के प्रतिबंधित क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। उन्होंने पल्लावरम के शिविर में बसाए गए प्रवासी श्रमिकों से वार्ता की।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.