चेन्नई

तुत्तुकुडी समुद्र तट पर मृत मिली १८ फुट लम्बी शार्क

सिर पर चोट लगने से हुई मौत

चेन्नईApr 05, 2019 / 01:08 pm

Ritesh Ranjan

तुत्तुकुडी समुद्र तट पर मृत मिली १८ फुट लम्बी शार्क


मदुरै. तुत्तुकुड़ी के मन्नार मरीन नेशनल पार्क के वन विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार सुबह समुद्र किनारे एक बड़ी व्हेल शार्क (राइनकोडोन टाइपस) को हटाया। बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम १८.८ फुट लम्बी शार्क समुद्र किनारे पहुंच गई जिसे देखने के लिए रात में भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है जिस वक्त ये शार्क समुद्र किनारे पहुंची उस वक्त उसकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ है कि किशोर व्हेल शार्क की मौत उसके सिर में चोट लगने की वजह से हुई है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे मछुआरों की नाव से व्हेल शार्क के सिर पर चोट लगी जिससे वह गंभीर घायल रूप से हो गई।
तुत्तुकुडी वन रेंज अधिकारी आर रघुवेंद्रन ने बताया कि १८.८ फुट लंबा शार्क बुधवार रात करीब ७.३० बजे तुत्तुकुड़ी के आइनिगो समुद्री तट पर देखा गया था। इस व्हेल का वजन तकरीबन एक टन बताया जा रहा है। शार्क की उम्र ७ से १० साल के बीच होगी। उन्होंने बताया कि हमें अंदाजा नहीं था कि शार्क घायल हुई है और वह समुद्र किनारे पहुंच गई। हमें लगा उसकी मौत हो चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब ७.३० बजे शार्क पानी में बहकर समुद्र तट पर पहुंची। उसके बाद करीब ८.३० बजे उसे समुद्र में छोड़ा गया लेकिन कम गहरे पानी में वह छटपटाने लगी और गहराई में नहीं जा सकी। मछुआरों की मदद से उसे गहरे पानी में छोड़ दिया गया लेकिन गुरुवार सुबह करीब ५.३० बजे वन विभाग के अधिकारियों को उसके समुद्री किनारे पहुंच जाने की सूचना दी गई। पोस्टमार्टम के बाद शार्क को दफना दिया गया।
इससे पहले भी तुत्तुकुडी में 80 छोटे पंखों वाली पायलेट व्हेल समुद्र तट पर आ गई थी। इनमें से 45 मर गई थी।

Home / Chennai / तुत्तुकुडी समुद्र तट पर मृत मिली १८ फुट लम्बी शार्क

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.