महामंडलेश्वर महंत निर्मलदास महाराज ने कहा, महापुरुषों ने सदैव समाज का मार्गदर्शन कर मानव कल्याण के लिए प्रेरित करने का काम किया
महामंडलेश्वर का चेन्नई में प्रवासी समाज ने किया स्वागत
चेन्नई
Published: July 06, 2022 05:42:51 pm
संतों का जीवन निर्मल जल के समान होता है। संतों के उपदेश सदैव प्रेरणादायी होते हैं जिन्हें आत्मसात कर व्यक्ति को अपना जीवन लोक कल्याण के कार्य में समर्पित करना चाहिए। महापुरुषों ने सदैव समाज का मार्गदर्शन कर मानव कल्याण के लिए प्रेरित करने का काम किया है।
भारत साधु समाज के राष्ट्रीय सचिव महामंडलेश्वर (Mahamandleswar) महंत निर्मलदास (Mahant Nirmaldas Maharaj) महाराज ने यहां साहुकारपेट तिरुपल्ली स्ट्रीट स्थित राजपुरोहित ट्रस्ट भवन में यह बात कही। वे यहां भक्तगणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संतों एवं महापुरुषों ने सदैव राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधा है। समाज को एक नई दिशा देने का काम किया है। राष्ट्र निर्माण में संतों का अहम योगदान रहा है। संतों एवं महापुरुषों के बताए सिद्धांत ही हमारी रक्षा कर सकते हैं।
महामंडलेश्वर ने कहा कि संस्कारों के अभाव में संयुक्त परिवार टूट रहे हैं। इसलिए हमें सबसे पहले अपने परिवारों में संस्कारों को कायम करना होगा। सत्संग मानव जीवन की दिशा ही बदल देता है। संयम, धैर्य एवं शिष्टाचार सत्संग से ही मिलते हैं। उन्होंने कहा कि संतों का जीवन सदैव भक्तों के कल्याण एवं मानव सेवा को समर्पित रहता है। संतों के जीवन से प्रेरणा लेकर व्यक्ति को समाज कल्याण में अपना योगदान करना चाहिए। मानव सेवा के लिए समर्पित रहें।
हमें परोपकार के कार्य करने चाहिए
भारत साधु समाज के राष्ट्रीय सचिव महामंडलेश्वर महंत निर्मलदास महाराज ने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि हम फिर से ऋषि-मुनियों के बताए मार्ग पर चलें। सनातन धर्म के अनुष्ठानों को बढ़ावा दिया जाएं। स्वाध्यान एवं सत्संग के मार्ग पर आने की जरूरत है। इसी से समूचे विश्व की समस्याओं का निदान संभव हो सकता है। तमिलनाडु में प्रवासी समाज की ओर से किए जा रहे परोपकार के कार्य की सराहना करते हुए महामंडलेश्वर ने कहा कि मनुष्य को परोपकार के कार्य करने चाहिए। गरीबों एवं असहायों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य हैं। व्यक्ति महान नहीं होता, व्यक्ति का कर्म महान होता है। अच्छे एवं नेक कर्म करने वालों की अपने कार्यों के बल पर पूजा होती है।
प्रवासी समाज की ओर से स्वागत
इससे पहले भारत साधु समाज के राष्ट्रीय सचिव महामंडलेश्वर महंत निर्मलदास महाराज के चेन्नई पहुंचने पर एयरपोर्ट पर प्रवासी समाज की ओर से मार्ल्यापण एवं शॉल ओढाकर स्वागत किया गया। राजपुरोहित ट्रस्ट तिरुपल्ली स्ट्रीट के अध्यक्ष रमेशसिंह मादा, सचिव दातारसिंह करमावास, राजपुरोहित सेवा संघ के संरक्षक लक्ष्मणसिंह निमाज समेत समाज के गणमान्य लोगों ने एयरपोर्ट पर महामंडलेश्वर की अगवानी की। बाद में तिरुपल्ली स्ट्रीट स्थित राजपुरोहित ट्रस्ट भवन पहुंचने पर राजपुरोहित ट्रस्ट के साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से उनका माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कई गणमान्य लोगों ने महामंडलेश्वर का स्वागत किया। महामंडलेश्वर के साथ आए बाड़मेर जिले के माजीवाला ग्राम पंचायत के सरपंच केवलसिंह राजपुरोहित का भी मार्ल्यापण व शॉल ओढाकर स्वागत किया गया।
8 जुलाई को सुबह कडप्पा जाएंगे
राजपुरोहित ट्रस्ट चेन्नई के अध्यक्ष रमेशसिंह मादा ने बताया कि भारत साधु समाज के राष्ट्रीय सचिव महामंडलेश्वर महंत निर्मलदास महाराज 7 जुलाई को तिरुपल्ली स्ट्रीट स्थित राजपुरोहित ट्रस्ट भवन में रहेंगे जहां प्रवासी समाज के संगठन एवं भक्तगण उनसे आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे। महामंडलेश्वर 8 जुलाई को सुबह कडप्पा के लिए रवाना होंगे जहां वे एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

BHARAT SADHU SAMAJ NATIONAL SECRETARY MAHAMANDLESWAR MAHANT NIRMALDAS MAHARAJ
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
