विधायक करुणा पर मामला दर्ज चेन्नई. मुख्यमंत्री एडपाडी के. पलनीस्वामी और कुछ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने गुरुवार को अभिनेता और तिरुवदनै विधानसभा क्षेत्र की विधायक करुणा के खिलाफ मामला दर्ज किया। प्राप्त शिकायत के आधार पर नुंगम्बाक्कम पुलिस स्टेशन में करुणा के खिलाफ छह मामले दर्ज हुए हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले वल्लूरकोट्टम में पार्टी द्वारा आयोजित एक प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए करुणा ने मुख्यमंत्री और कुछ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। साथ ही उन्होंने एक पुलिस अधिकारी को धमकी भी दी थी। इस तरह की टिप्पणी के बाद जब कुछ राजनीतिक दलों ने निंदा करनी शुरू की तो उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा था कि क्रोध में आकर उन्होंने ऐसा बोल दिया। इसी बीच एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता और मत्स्य पालन मंत्री डी. जयकुमार ने कहा करुणा की टिप्पणी पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कानून मंत्री अस्पताल में भर्ती चेन्नई. एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता और कानून मंत्री सीवी षणमुगम को सीने में दर्द की शिकायत के बाद गुरुवार को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने बताया कि उनकी स्थिति में सुधार आ रहा है। डॉक्टरों की एक टीम द्वारा उनकी देखरेख की जा रही है।