चेन्नई

TN : उगते सूरज के आगे जुड़े “‘हाथ”

स्थानीय निकाय चुनाव के बाद उपजे मतभेद से डीएमके-कांग्रेस गठबंधन खटाई में पड़ गया था।
– Stalin ने कहा मतभेद वाली बयानबाजी नहीं हो- Congress Leaders ने की भेंट

चेन्नईJan 18, 2020 / 06:26 pm

P S VIJAY RAGHAVAN

TN : उगते सूरज के आगे जुड़े

चेन्नई. स्थानीय निकाय चुनाव के बाद उपजे मतभेद से DMK-CONGRESS गठबंधन खटाई में पड़ गया था। कांग्रेस ने शनिवार को मान-मनौव्वल करते हुए डीएमके को राजी कर लिया। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. एस. अलगिरि ने स्पष्ट किया कि गठबंधन को कोई खतरा नहीं है। जबकि डीएमके अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने वक्तव्य जारी किया कि भविष्य में दोनों पार्टी के नेता मतभेद वाले सार्वजनिक बयान नहीं देवें।

उल्लेखनीय है कि TNCC ने गठबंधन धर्म की दुहाई देते हुए कहा था कि डीएमके ने निकाय चुनाव में पर्याप्त सीटें आवंटित नहीं की। डीएमके अध्यक्ष एम. के. स्टालिन के नेतृत्व पर सवाल उठते ही द्रविड़ पार्टी ने कांग्रेस को आईना दिखाया। पार्टी ने नई दिल्ली में कांग्रेस द्वारा नागरिकता संशोधन कानून पर चर्चा को लेकर आहूत बैठक का बहिष्कार किया। फिर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस को हूल दी कि वह चाहे तो गठबंधन समाप्त कर सकती है। बात दिल्ली पहुंची और फिर विवाद को समाप्त करने के निर्देश हुए।
हाईकमान के आदेश की तामील करते हुए तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. एस. अलगिरि, वरिष्ठ नेता के. वी. तंगबालू, तमिलनाडु विधानसभा में कांग्रेस दल के नेता रामसामी और विधायक डा. एम. के. विष्णुप्रसाद ने अण्णा अरिवालयम में डीएमके अध्यक्ष एम. के. स्टालिन से भेंट की।

वार्ता के बाद पत्रकारों से मिले के. एस. अलगिरि ने कहा कि दोनों दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है और जो कुछ भी स्थिति बनी थी उसका निपटारा कर दिया गया है। उनका गठबंधन २०२१ के विधानसभा चुनाव के बाद भी जारी रहेगा।

डीएमके अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने वार्ता के बाद वक्तव्य जारी कर पिछले दिनों के घटनाक्रम का जिक्र कर कहा कि बातचीत के जरिए जिन बिन्दुओं को हल किया जा सकता था उसे कांग्रेस ने सार्वजनिक किया। उसके बाद दोनों दलों की ओर से बयानबाजी हुई। फिर तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्टीकरण दिया। वे कभी नहीं चाहेंगे कि डीएमके की अगुवाई वाले गठबंधन में छोटा सा भी सुराख बने।
कुछ ताकतें यही चाहती है कि गठबंधन में दरार पड़ जाए जिसकी हम कोई जगह नहीं देने वाले है। दोनों पार्टियों के नेताओं व कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वे भविष्य में गठबंधन को लेकर सार्वजनिक तौर पर किसी तरह की बयानबाजी नहीं करें।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.