पुलिस सूत्रों के बताया कि तीनों एक ही परिवार के थे जो पिछले तीन दिन से लापता थे। मृतकों की पहचान पुदुपेट के पच्चैअप्पन मुदली स्ट्रीट निवासी ज्ञानवेल (40) और उसकी दो बेटी ऐशवर्या (6) और पूजाश्री (4) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पेशे से ऑटो चालक ज्ञानवेल आदतन शराबी था। और शराब पीने को लेकर रोजाना उसकी पत्नी जयंती (38) के साथ झगड़ा होता था। 15 जनवरी को भी दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। ज्ञानवेल क्रोध में आकर अपनी दोनों बेटियों को लेकर घर से चला गया। जयंती ने उन्हें नहीं रोका। 16 जनवरी को जयंती ने ज्ञानवेल को फोन किया तो उसने कहा कि वह अपने दोस्त के घर वेलचेरी में है और वह घर आ जाएगा। जब वह बच्चों को लेकर घर नहीं लौटा तो जयंती ने एगमोर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की छानबीन में लगी हुई थी।
इस बीच मारैमलै नगर के स्थानीय लोगों ने कुएं में सुबह एक व्यक्ति समेत दो बच्चियों के शव तैरते देखा। वहां लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कुएं से बाहर निकलवाया और शिनाख्त करवाई। मृतकों की पहचान ज्ञानवेल और उसकी दोनों बेटियों के तौर पर हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। पुलिस को संदेह हैकि ज्ञानवेल ने दोनों बेटियों को कुएं में धकेलने के बाद खुद खुदकुशी कर ली। एगमोर पुलिस मले की जांच कर रही है।