शादी के पांच महीने बाद दम्पती ने की खुदकुशी
पंखे से लटके मिले शव – कारणों का नहीं चला पता
शादी के पांच महीने बाद दम्पती ने की खुदकुशी
चेन्नई. महानगर के मडिपाक्कम इलाके में बुधवार सुबह नवविवाहित दंपती का फांसी पर झूलता शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामला तब प्रकाश में आया जब दम्पती का रिश्तेदार उनसे मिलने उनके घर आया। बताया जा रहा है कि दम्पती का पांच महीने पहले विवाह हुआ था। बुधवार को बंद कमरे में दोनों के शव मिलने के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मडिपाक्कम के पालया गार्डेन के भारती स्ट्रीट स्थित मकान में रहने वाले सारथी (३१) की पांच महीने पहले ही प्रशांती (२७) से विवाह हुआ था। दोनों अकेले रहते थे।
पुलिस ने बताया कि सारथी के भाई ने मंगलवार रात को फोन किया लेकिन बात नहीं हो पाई थी। फिर बुधवार सुबह भी सारथी के भाई ने दोनों को फोन किया लेकिन किसी के भी फोन नहीं उठाने से उसे संदेह हुआ और वह उनसे मिलने उनके घर आया। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने दरवाजे पर आवाज दी और बेल बजाई लेकिन अंदर से आवाज नहीं आई। संदेह होने पर उसने खिडक़ी से देखा तो दोनों पंखे से झूलते मिले। उसने पड़ोसियों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने बताया कि अज्ञात कारणों से दोनों ने खुदकुशी की है। उनके कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें आत्महत्या की वजह किसी को नहीं बताया है। मडिपाक्कम पुलिस मामले की जांच कर रही है।