राजपुरोहित कहते हैं, मैं खुद लम्बे समय से इसी इलाके में रह रहा हूं और लोगों के बीच रहते हुए उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए सदैव प्रयास करता रहां हूं। उन्होंने कहा कि इलाके में पेयजल की सुचारु व्यवस्था के अभाव में कई परिवार दूसरे स्थानों पर शिफ्ट होने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए प्राथमिकता से प्रयास किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर कचरा संग्रहण की व्यवस्था के साथ ही सफाई के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने जो वादे किए हैं उसमें इलाके में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, सरकारी स्कूलों का आधुनिकीकरण, महिला सुरक्षा, गरीब छात्रों को छात्रवृत्ति दिलाना शामिल है। इसके साथ ही बारिश के पानी की निकासी का उचित प्रबंधन का वादा किया है।
प्रवासियो के लिए उठा रहे लगातार आवाज
पवनकुमार राजपुरोहित मूल रूप से राजस्थान के नागौर जिले के रहने वाले हैं। लम्बे समय से चेन्नई में निवास कर रहे हैं। उनका कैटरिंग का व्यवसाय है। प्रवासियों की आवाज को उठाते रहे हैं। कोरोना काल के दौरान उन्होंने जरूरतमन्दों की खूब मदद की। चेन्नई में आई बाढ़ के दौरान वे भी जरूरतमन्द लोगों तक मदद के लिए पहुंचे। प्रवासियों की रेल की मांग को लेकर भी कई बार धरने प्रदर्शन कर चुके हैं।