script

पेरियार की प्रतिमा पर असामाजिक तत्वों ने फेंके जूते चप्पल

locationचेन्नईPublished: Sep 22, 2018 10:03:43 pm

समाज सुधारक और द्रविडऩ कषगम के संस्थापक पेरियार ईवी रामास्वामी की १४०वीं जयंती पर सोमवार को कुछ असामाजिक तत्वों ने चेन्नई…

Periyar's statue thrown away by anti-social elements

Periyar’s statue thrown away by anti-social elements

चेन्नई।समाज सुधारक और द्रविडऩ कषगम के संस्थापक पेरियार ईवी रामास्वामी की १४०वीं जयंती पर सोमवार को कुछ असामाजिक तत्वों ने चेन्नई और तिरुपुर स्थित उनकी प्रतिमा पर जूते चप्पल फेंके। इक्काडुतांगल निवासी जगदीशन, जो पेशे से वकील है और कथित तौर पर भाजपा का सदस्य भी है, ने अण्णा सालै स्थित पेरियार की प्रतिमा पर उस वक्त जूता फेंका जब वीसीके सदस्य प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रहे थे।

घटना के बाद वीसीके के सदस्यों ने जगदीशन को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। चिंताद्रीपेट पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसी प्रकार तिरुपुर जिले के धारापुरम में भी पार्क के बाहर स्थित पेरियार की प्रतिमा पर कोई अज्ञात व्यक्ति चप्पल फेंककर फरार हो गया।

घटना के बाद द्रविडन कझगम के पदाधिकारी के. शाहमुगन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। घटनाक्रम की निंदा करते हुए डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने कहा प्रतिमा पर जूते-चप्पल फेंकने वालों को सजा मिलनी चाहिए। यहां जारी एक विज्ञप्ति में उन्होंने कहा पेरियार की प्रतिमा पर चप्पल फेंकने वाले जानवर हैं और शांतिपूर्ण राज्य में समस्या पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

पेरियार को जयंती पर राज्यभर में अर्पित की श्रद्धांजलि

उन्होंने कहा जब पेरियार जिन्दा थे तब भी उनके साथ कई बार ऐसा हुआ, लेकिन फिर भी उन्होंने अपना प्रदर्शन नहीं रोका। जब वे कडलूर जिले में गए थे तो एक व्यक्ति ने उन पर चप्पल फेंकी थी जिसके बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. एम. करुणानिधि ने घटनास्थल पर ही पेरियार की मूर्ति बनवाई और पेरियार की उपस्थिति में प्रतिमा का अनावरण किया।

उन्होंने कहा चप्पल फेंकने वाले द्रविडऩ के इतिहास के बारे में नहीं जानते। वे नहीं जानते कि पेरियार ने तमिलनाडु की जनता के लिए क्या क्या किया था।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से इस तरह के हालात बन रहे हैं लेकिन राज्य सरकार सत्ता के लालच में आकर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। एआईएडीएमके सहित अन्य दलों के नेताओं ने भी घटनाक्रम की निंदा की। एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता और मत्स्य पालन मंत्री डी. जयकुमार ने घटना की निंदा करते हुए कहा इस तरह की हरकतों को अनदेखा नहीं किया जाएगा।

पेरियार को १४०वीं जयंती पर राज्यभर में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री एडपाडी के. पलनीस्वामी, उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम सहित अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

ट्रेंडिंग वीडियो