scriptषणमुगम मुख्य सचिव और त्रिपाठी डीजीपी | Shanmugam Chief Secretary and Tripathi DGP | Patrika News

षणमुगम मुख्य सचिव और त्रिपाठी डीजीपी

locationचेन्नईPublished: Jun 29, 2019 09:01:15 pm

Submitted by:

P S VIJAY RAGHAVAN

राज्य के IAS और IPS अधिकारियों के मुखिया की नियुक्ति।
दोनों ही वरिष्ठ अधिकारी १ जुलाई को कार्यभार संभालेंगे।

Shanmugam Chief Secretary and Tripathi DGP

षणमुगम मुख्य सचिव और त्रिपाठी डीजीपी

चेन्नई. प्रशासनिक अमले में बदलाव के दौर में राज्य के आइएएस IAS और आइपीएस IPS अधिकारियों के मुखिया की नियुक्ति कर दी गई है। तमिलनाडु के शासन सचिव के. षणमुगम और पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) जे. के. त्रिपाठी को नियुक्त किया गया है। दोनों ही वरिष्ठ अधिकारी १ जुलाई को कार्यभार संभालेंगे। मुख्य सचिव गिरिजा वैद्यनाथन ने इस आशय के आदेश शनिवार को जारी किए। वे ३० जून को सेवानिवृत्त होंगी।

के. षणमुगम सेलम जिला निवासी और किसान परिवार से हैं। वे अपने परिवार से पहले ग्रेजुएट थे। वे १९८५ में सिविल सेवा में सहायक कलक्टर के रूप में जुड़ेे। गत तीन दशकों से उन्होंने विभिन्न विभागों में कई पद संभाले। वे णिज्यिकर विभाग के उपायुक्त, शिवगंगा व पुदुकोट्टै कलक्टर, ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक, तमिल नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक व खाद्य विभाग के सचिव रहे। वरिष्ठता के हिसाब से उनको पहले ही चीफ सेक्रेटरी बन जाना चाहिए था।

षणमुगम को डीएमके शासनकाल में २०१० में वित्त सचिव बनाया गया था। यह पद उनके पास फिर अगले नौ साल तक रहा। विभाग प्रमुख रहते हुए उन्होंने नौ बजट और दो अंतरिम बजट पेश करवाए। षणमुगम ने स्वर्गीय मुख्यमंत्री जे. जयललिता व एम. करुणानिधि के अलावा ओ. पन्नीरसेल्वम और मुख्यमंत्री एडपाड़ी के. पलनीस्वामी के लिए बजट तैयार कराने में अहम भूमिका निभाई।

ओडिशा मूल के जलज कुमार (जे. के.) त्रिपाठी रविवार को पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) का ओहदा संभालेंगे। केंद्रीय लोक सेवा आयोग द्वारा दी गई छह अधिकारियों की सूची में से उनको चुना गया था। वे १९८५ बैच के अधिकारी हैं। वे रविवार को रिटायर हो रहे डीजीपी टी. के. राजेंद्रन की जगह लेंगे। २० मई १९६० को जन्मे त्रिपाठी की सेवानिवृत्ति ३० जून २०२१ को होगी। वे दो साल तक इस पद पर बने रहेंगे। त्रिपाठी जयललिता के विश्वासपात्र अधिकारियों में से एक थे। २००२-०४ के बीच उन्होंने साउथ चेन्नई के संयुक्त पुलिस आयुक्त का पदभार संभाला था। फिर वे आबकारी प्रवर्तन विभाग के प्रमुख रहे। वे चेन्नई महानगर के पुलिस आयुक्त भी रहे। उनको डीजीपी रैंक के तौर पर पदोन्नति मिलने के बाद कारागार का प्रमुख बनाया गया था।

https://www.patrika.com/chennai-news/promotions-and-transfer-of-61-ips-officers-4771059/

गौरतलब है कि अगर सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो तमिलनाडु में अगस्त महीने में स्थानीय निकाय चुनाव होंगे। इस चुनाव से पहले सरकार ने पिछले तीन चार दिनों में बड़े स्तर पर आइएएस और आइपीएस अधिकारियों की बदली की है। शनिवार को एक साथ ६१ पुलिस अफसरों का तबादला हुआ था।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो