छतरपुर

जिले में 64 केन्द्रों पर 17 हजार लोगों को लगा कोविड टीका

केन्द्रों पर लगातार पहुंचे लोग, बारिश के कारण प्रभावित हुआ कार्यक्रम

छतरपुरJul 24, 2021 / 07:09 pm

Dharmendra Singh

66140 लोगों ने अब तक लगवाए दोनों डोज


छतरपुर। जिले में शनिवार को 64 केन्द्रों पर वैक्सीनेशन किया गया। सुबह 10 बजे से ही लोग वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचने लगे, जिनकी संख्या दोपहर में बढ़ गई। वैक्सीनेशन स्लॉट बुकिंग शहरों में ऑनलाइन होने से केन्द्रों पर भीड़ कम रही।वहीं, दोपहर में जोरदार बारिश से लोगों के आने जाने में परेशानी आई, लेकिन फिर भी लोग टीका लगवाने के लिए केन्द्र पर उमड़े और शाम 5 बजे तक 17 हजार लोगों ने कोविड का टीका लगवा लिया।
पहले घंटे में 1237 को लगा टीका
शनिवार की सुबह 10 बजे वैक्सीनेशन शुरु होते ही पहले घंटे में 11 बजे तक 1237 लोगों ने कोविड वैक्सीन लगवाई। जिसमें 1001 पहले और 236 दूसरे डोज लगवाने वाले शामिल हैं। इसके बाद 11 से 12 के बीच 1524 लोगों को टीका लगा। वहीं 12 से 1 बजे के बीच रफ्तार और बढ़ी, 3228 लोगों को टीका लगाया गया। दोपहर 1 से 2 बजे के बीच 2785, 2 से 3 बजे के बीच 3681 लोगों ने टीका लगवाया। वहीं, 3 से 4 बजे के बीच 2525 और फिर शाम 4 से 5 बजे के बीच 1867 लोगों को टीका लगाया गया। इस तरह से शाम पांच बजे तक 64 सेंटरों पर 17 हजार 6 लोगों को कोविड टीका लगाया गया।

66140 लोगों ने अब तक लगवाए दोनों डोज
जिले में चल रहे वैक्सीनेशन अभियान के तहत अब तक केवल 66140 लोगों को ही दोनों डोज लगाए गए हैं। जबकि जिले में अब तक कुल 4 लाख 78 हजार 707 लोग टीकाकृत हुए हैं। जिसमें से 4 लाख 12 हजार 567 लोगों ने पहला डोज लगवाया है। आयु वर्ग के हिसाब से देखे तो 18 से 44 आयु वर्ग में 2 लाख 36 हजार 413 लोगों को टीका लगा है। वहीं 45 से 60 आयु के 1 लाख 38 हजार 281 लोगो ने टीका लगवाया है। जबकि 60 से अधिक आयु के 1 लाख 4 हजार 13 लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई गई है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.