नौगांव में 4.6 व खजुराहो में 6.4 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
उत्तरपूर्वी हवाओं का असर
4 से 5 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से जिले में आ रही बर्फीली हवाएं
अधिकतम तापमान में भी गिरावट शुरु, और गिरेगा तापमान

छतरपुर। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने से जिले में उत्तरपूर्वी हवाएं आने लगी है। मंगलवार को जिले में हवाओं की रफ्तार 4 से 5 किलोमीटर प्रतिघंटे दर्ज की गई। उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं ने जिले के न्यूनतम तापमान में गिरावट ला दी है। मंगलवार को नौगांव में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, खजुराहो में न्यूनतम तापमान 6.4 और अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम केन्द्र खजुराहो के प्रभारी आरएस परिहार ने बताया कि उत्तरपूर्वी हवाओं के कारण जिले के तापमान में लगातार गिरावट आएगी। आने वाले दिनों में शीतलहर की भी आंशका है।
उत्तर भारत के मौसम का पड़ रहा असर
उत्तर भारत के कई इलाकों में शीतलहर के साथ कडाके की ठंड शुरु हो गई है। स्काइमेट के मौसम विज्ञानियों के अनुसार हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। पहाड़ी इलाकों की बर्फीली हवाओं से दिल्ली, राजस्थान और पंजाब में शीतलहर चलेगी। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में बारिश की संभावना है। उत्तर भारत में ठंड़ बढऩे के साथ ही उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाओं से जिले के मौसम पर भी असर पड़ रहा है। जिससे दिन में फिर से ठंड शुरु हो गई है। वहीं रात का तापमान लगातार गिरने लगा है। सुबह व रात में कोहरा भी छाने लगा है।
अंधेरा होने से पहले जलने लगे अलाव
उत्तर पूर्व से आ रही ठंड़ी हवाओं के कारण दिन में भी ठंड का अहसास बढ़ गया है। दिन की धूप का तीखापन खत्म हो गया है। वहीं, दो पहिया वाहन से चलने पर दिन में भी गर्म कपड़ो से पैक होकर चलना पड़ रहा है। तापमान में गिरावट व ठंड़ी हवाओं के कारण शाम को अंधेरा होने से पहले ही अलाव जलने लगे हैं। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव, रुम हीटर व गर्म कपड़ों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
अब पाइए अपने शहर ( Chhatarpur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज