script२४ घंटे में मिले 4 पॉजिटिव, छतरपुर-बक्स्वाहा में लॉकडाउन | 4 positives found in 24 hours, lockdown in Chhatarpur-Bakswaha | Patrika News

२४ घंटे में मिले 4 पॉजिटिव, छतरपुर-बक्स्वाहा में लॉकडाउन

locationछतरपुरPublished: Jul 10, 2020 08:28:38 pm

Submitted by:

Dharmendra Singh

डॉक्टर दंपति की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, १२ जुलाई तक छतरपुर में लॉकडाउन
बक्स्वाहा में बैक कर्मी पॉजिटिव मिलने पर बाजार कराया बंद3 साल की बेटी और 10 डॉक्टरों समेत 28 की रिपोर्ट निगेटिव, अस्पताल के पूरे स्टाफ के लिए सैंपल12 जुलाई तक दूध-दवा को छोड़कर बंद रहेंगी सभी दुकानें, सुबह 7 से 11 बजे तक ही मिलेगा दूध

Lock down in chhatarpur

Lock down in chhatarpur

छतरपुर। जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर की गायनोलॉजिस्ट पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। जबकि उनकी बेटी, नौकर, 10 डॉक्टर समेत 28 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। लेकिन ऐतिहायत के तौर पर जिला अस्पताल के 10 डॉक्टर होम क्वारंटीन हो गए हैं। इसके अलावा शुक्रवार को जिला अस्पताल में पदस्थ 50 लोगों के सैंपल भी लिए गए। जिनमें से कुछ की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है, बाकी की जांच जारी है। जिला अस्पताल का डायलिसिस यूनिट व मेटरनिटी वार्ड को लॉक कर दिया गया है। डॉक्टर के घर के आसपास सन सिटी कॉलोनी को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर सील कर दिया गया है। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने संक्रमण की रोकथाम के लिए 9 जुलाई की देर रात से 12 जुलाई तक छतरपुर शहर में लॉक डाउन लगा दिया है। इस दौरान केवल दवा और दूध की दुकानें ही खुलेंगी। दवा 24 घंटे और दूध केवल सुबह 7 से 11 बजे तक ही मिलेगा। वहीं शुक्रवार को बक्स्वाहा में 28 वर्षीय दो बैंककर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर बक्स्वाहा के वार्ड क्रमांक 5 और 6 को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर कस्बे का बाजार बंद करा दिया गया है। इसके साथ ही गढ़ीमलहरा इलाके के पृथ्वीपुरा में 24 वर्षीय युवती पॉजिटिव पाई गई है।
पृथ्वीपुरा में युवती मिली पॉजिटिव
बक्स्वाहा के वार्ड क्रमांक 6 में स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में बतौर कैशियर काम करने वाले 28 साल के दो सहकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 6 जुलाई को बुखार और खांसी के लक्षणों के कारण इन दोनों के सेम्पल कराए गए थे जिनकी जांच रिपोर्ट 10 जुलाई को सामने आई। नतीजों में दोनों पॉजिटिव पाए गए हैं। शुक्रवार को गढ़ीमलहरा क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुरा में भी एक 24 वर्षीय युवती की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गई है। उक्त युवती पांच जुलाई को अपनी मां के साथ मुंबई से गांव आयी थी। 6 जुलाई को ही युवती का सैंपल कलेक्ट कर लिया गया था। 10 जुलाई को आए नतीजों में मां की रिपोर्ट निगेटिव आयी लेकिन बेटी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। युवती को महोबा रोड के कोविड सेंटर में भर्ती कराया गया है।
कोरोना को मात देकर संक्रमित महिला हुई डिस्चार्ज
छतरपुर के ग्राम रमपुरा निवासी कोरोना संक्रमित महिला को रिकवरी के बाद महोबा रोड स्थित कोविड केयर सेंटर से शुक्रवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में अभी तक 66 कोरोना संक्रमित मरीज़ पाए गए हैं, जिसमें से 59 मरीज कोरोना वायरस को परास्त कर घर लौट चुकें हैं। वर्तमान में एक्टिव कोरोना पॉजिटिव मरीज़ों की संख्या 8 है। गुरुवार की रात और शुक्रवार की शाम तक जिले में कोरोना पॉजिटिव 4 केस सामने आए हैं। जिसमें से एक महिला डॉक्टर और दो बक्स्वाहा के बैंककर्मी व गढ़ीमलहरा के पृथ्वीपुरा गांव की 24 वर्षीय युवती शामिल है। जिले से अबतक 3663 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिसमें 67 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 479 सैंपल की रिपोर्ट पेंडिग हैं। बूदौर में संक्रमित मिले व्यक्ति की सैंपलिंग दिल्ली में होने के चलते प्रशासन ने छतरपुर जिले के मरीजों में काउंट नहीं किया है। हालांकि मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज होने के साथ ही बूदौर को कंटेनमेंट एरिया से मुक्त कर दिया गया है।
बक्स्वाहा में बंद रहेगा बाजार
एसडीएम बिजावर ने शुक्रवार को आदेश जारी करते हुए बक्स्वाहा में लॉकडाउन लागू कर दिया है। आगामी आदेश तक दूध की दुकानें सुबह 8 से शाम 6 बजे तक खुली रहेंगी। जबकि मेडिकल स्टोर खोले जा सकें गे। वहीं, फल-सब्जी की दुकानें एक दिन छोड़कर सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक खोली जा सकेंगी। लेकिन बाकी सभी तरह की दुकानें खोलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कंटेनमेंट एरिया में होम डिलीवरी की सुविधा शुरु की गई है। एक स्थान पर 5 या उससे अधिक व्यक्तिों के इकठ्ठा होने पर भी रोक लगाई गई है। वहीं मास्क, सेनेटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मेटरनिटी वार्ड का स्टाफ भी क्वारंटीन
जिला अस्पताल की संक्रमित महिला डॉक्टर ने गुरुवार की सुबह मेटरनिटी वार्ड में ड्यूटी की थी और एक सीजर डिलेवरी भी कराई। महिला डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद देर रात प्रसूता व नवजात को अलग कमरे में शिफ्ट कराया गया। इसके साथ ही मेटरनिटी वार्ड की कई नर्सो को क्वारंटीन कराया गया है। संक्रमित डॉक्टर ने सर्दी-जुकाम होने पर सैंपल टेस्ट कराया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई, लेकिन गुरुवार की दोपहर 12 बजे सैंपल देने से पहले डॉक्टर ने डायलिसिस सेंटर में ड्यूटी की। इसी तरह उनकी पत्नी गायनोलॉजिस्ट डॉक्टर भी मेटरनिटी वार्ड में ड्यूटी देती रही। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दोनों को आइसोलेशन पर रखा गया है। इनके संपर्क में आने वाले सभी लोगों को क्वारंटीन कराया गया है।
नगर पालिका छतरपुर का वार्ड क्रमांक 34 कंटेनमेंट एरिया घोषित*
कॉलोनी के लोगों को किया होम क्वारंटीन
अपर कलेक्टर प्रेम सिंह चौहान ने छतरपुर शहर के वार्ड क्रमांक 34 सनसिटी कॉलोनी को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया है। नगर पालिका छतरपुर के वार्ड क्रमांक 34 के उत्तर पश्चिम मे रमेश सिंह के मकान से दक्षिण पश्चिम मे मोहित अग्रवाल के मकान तक, उत्तर पूर्व मे सुमित खरे के मकान से दक्षिण पूर्व मे एसके गुप्ता के मकान तक कंटेनमेंट एरिया बनाया गया है। इसी के साथ एसडीएम बीबी गंगेले को कंटेनमेंट एरिया के इंसीडेंट कमाण्डर के रूप में नियुक्त किया गया है। कन्टेनमेंट एरिया में सर्विलेंस हेतु दल का गठन किया गया है जिसमें एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया है। कंटेनमेंट एरिया के अंतर्गत पूर्ण रूप से आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही उक्त एरिया के समस्त निवासियों को होम क्वारंटीन में रहना अनिवार्य रहेगा। कंटेनमेंट एरिया में सीएमएचओ द्वारा विशेष रैपिड रिस्पॉस टीम का गठन किया गया है। एण्ट्री एक्जिट प्वाइंट पर स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा सतत स्क्रीनिंग की जाएगी। फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ता जैसे एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एलएचबी एवं सुपरवाइजर टीम वाइज एपीसेंटर से घरों का भ्रमण कर जानकारी नोडल अधिकारी आईडीएसपी को उपलब्ध कराएंगे। जिनको होम क्वारेंटाइन किया गया है उनका प्रतिदिन फॉलोअप लिया जाएगा, जब तक की सस्पेक्टेड केस की रिपोर्ट निगेटिव न आ जाए।
नौगांव में पॉजिटिव पाए गए डॉक्टर का भोपाल में चल रहा इलाज
इसके पहले भी जिले में एक कोरोना योद्धा डॉक्टर कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं जिनका उपचार अब भी भोपाल के चिरायु अस्पताल में चल रहा है। लुगासी ग्राम में पदस्थ उक्त डॉक्टर नौगांव में निवास करते थे जो 24 जून को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनके पॉजिटिव पाए जाने के बाद 6 दिनों तक जिला अस्पताल में उनका उपचार किया गया लेकिन आराम नहीं मिलने के कारण उन्हें पहले सागर और इसके बाद चिरायु अस्पताल भोपाल में भर्ती कराया गया है। खबर है कि अब उक्त डॉक्टर स्वस्थ हो रहे हैं। एक-दो दिन में उनकी छुट्टी हो सकती है।
अन्य डॉक्टर भी शक के दायरे में आए, मरीजों को भी खतरा
कोविड पॉजिटिव पाए गए डॉक्टर के संपर्क में जिला अस्पताल के कई डॉक्टर थे। अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल के हम उम्र डॉक्टरों के साथ नियमित रूप से उनकी बैठकें हो रही थीं। इतना ही नहीं यहां का पैरा मेडिकल स्टाफ भी डॉक्टर के संपर्क में था। प्रतिदिन उनके द्वारा ओपीडी में 100 से ज्यादा मरीजों को उपचारित किया जा रहा था अब सभी पर कोरोना संक्रमित होने का खतरा मंडरा रहा है। इसके साथ ही ये सवाल भी उठ रहा है कि डॉक्टर को जिला अस्पताल में कोरोना का संक्रण किसके संपर्क में आने से मिला।
संपर्क में आए सभी लोगों की करा रहे जांच
जिले के प्रमुख अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी कान्टेक्ट ट्रेसिंग कराकर सैंपल जांच कराई गई है। डॉक्टर की पत्नी के अलावा सभी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं।
डॉ. विजय पथौरिया, सीएमएचओ, छतरपुर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो