scriptआन बान शान से मनाया गया 73वां गणतंत्र दिवस | 73rd Republic Day celebrated with pride | Patrika News

आन बान शान से मनाया गया 73वां गणतंत्र दिवस

locationछतरपुरPublished: Jan 27, 2022 07:06:23 pm

Submitted by:

Dharmendra Singh

कलेक्टर संदीप जी आर ने किया ध्वजारोहण

कलेक्टर ने 73वें गणतंत्र दिवस का ध्वजारोहण किया

कलेक्टर ने 73वें गणतंत्र दिवस का ध्वजारोहण किया

छतरपुर। जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह कलेक्टर संदीप जी आर के मुख्य आतिथ्य में मनाया गया। कलेक्टर ने 73वें गणतंत्र दिवस का ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात् स्टेडियम प्रांगण जन गण मन अधिनायक जय हो… की गूंज से गूंज उठा। मुख्य अतिथि ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और शांता प्रसाद यादव के साथ ध्वजारोहण स्थल का भ्रमण करते हुये लोगों के अभिवादन को स्वीकार किया। नीलगगन में हर्ष एवं उल्लास के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे छोड़े। परेड में शामिल 29वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जिला होमगार्ड तथा महिला जिला पुलिस बल की टुकडिय़ों द्वारा गरिमामय हर्ष फायर एवं मार्च पास्ट की प्रस्तुति की गई। उन्होंने परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पूर्व मंत्री श्रीमती ललिता यादव, गणमान्य नागरिक, सामाजिक सेवा क्षेत्र के व्यक्ति जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं आमलोग उपस्थित रहे।
झांकियों की प्रस्तुति और ये रहे अव्वल
राष्ट्रीय समारोह में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, कृषि, अमृत जल परियोजना, सर्व शिक्षा अभियान, पशु चिकित्सा, मत्स्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन, पुलिस, तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़ी चलित प्रदर्शनी निकाली गई। नगरपालिका द्वारा प्रस्तुत अमृत जल परियोजना की झांकी प्रथम रही, महिला एवं बाल विकास द्वितीय और स्वास्थ्य विभाग की तृतीय स्थान पर रही।
इन्हें मिला सम्मान
गणतंत्र दिवस पर परेड प्रस्तुति में महिला जिला पुलिस बल प्रथम, 29वीं सशस्त्र बल द्वितीय और जिला पुलिस बल तृतीय स्थान पर रहे। राष्ट्रीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी को सम्मानित किया। एडीएम आरडीएस अग्निवंशी को राजस्व प्रकरणों के निराकरण, एसडीएम नौगांव विनय द्विवेदी को दौनी ग्राम के बोरवेल में फंसी बच्ची को निकालने, खनिज अधिकारी अवैध उत्खनन एवं परिवहन के नियंत्रण के लिये सम्मानित हुये इसी तरह स्वास्थ्य विभाग के सफाईकर्मी, पुलिस विभाग में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी श्रेष्ठ थाना प्रभारी, होमगार्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय कार्यक्रम के उद्घोषक का दायित्व लखन असाटी, प्रमोद त्रिपाठी और राकेश खरे द्वारा निभाया गया।

उत्कृष्ट कार्य के लिये सोनू हुए सम्मानित
73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला जनसंपर्क कार्यालय छतरपुर के सोशल मीडिया हैंडलर सोनू शिवहरे को कलेक्टर संदीप जी आर एवं एसपी सचिन शर्मा द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। सोशल मीडिया पर समाचारों के सम्प्रेषण में छतरपुर प्रदेश में सर्वाधिक रीच के साथ प्रदेश में अव्वल रहा। इनके द्वारा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म से छतरपुर जिला प्रशासन की देनांदिनी गतिविधियों को प्रचारित कराया गया। शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ कोविड संक्रमण की तीसरी तहर के बचाव के संबंध में जिला एवं स्वास्थ्य प्रशासन की विभिन्न गतिविधियों सहित टीकाकरण से छूटे लोगों को टीका लगवाने, मास्क पहनने, कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता संबंधि समाचार प्रचारित किये गये।

घर-घर जाकर स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों का किया सम्मान
26 जनवरी को मनाये गये 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर छतरपुर संदीप जी आर और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित सीईओ जिला पंचायत एबी सिंह एवं नोडल अधिकारियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा लोकतंत्र सेनानियों (मीसाबंदियों) का घर-घर जाकर सम्मान किया गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आरके चौरसिया तथा लोकतंत्र सेनानी जगदम्बा प्रसाद के निवास पर पहुंचे और उन्हे शॉल पहनाया। पुष्प एवं श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया और बातचीत करते हुये उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। सीईओ जिला पंचायत स्वतंत्रता सेनानी राजाराम सिंह के घर पहुंचे। उन्होंने शॉल एवं श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसी तरह नोडल अधिकारियों द्वारा मधुसुदन और परमानंद सिंधी लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया गया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो