script

कोरोना संक्रमण रोकने में लापरवाही पर नगरपालिका सीएमओ को शोकॉज नोटिस

locationछतरपुरPublished: Apr 01, 2020 07:23:03 pm

Submitted by:

Dharmendra Singh

पार्षदों ने सीएमओ पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भोजन वितरण कराने के लगाए आरोप

Collector Shilendra Singh issued a show cause notice

Collector Shilendra Singh issued a show cause notice

छतरपुर। नगरपालिका छतरपुर के सीएमओ अरूण पटेरिया को कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने शोकॉज नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने ये नोटिस कोरोना संक्रमण रोकने के काम में लापरवाही करने पर जारी किया गया है। कलेक्टर ने नोटिस में लिखा है कि बार-बार निर्देश देने के बाद भी लॉक डाउन के दौरान लोगों की सुविधा के लिए सब्जी मंडी की व्यवस्था नहीं की गई। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए सब्जी मंडी विक्रेताओं की उचित व्यवस्था नहीं करने से सब्जी- फल की दुकानों पर भीड़ हो रही है। जिससे कोरोना संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ गई है। कलेक्टर ने ये भी लिखा है कि लॉक डाउन के दौरान गरीब परिवारों की सूची तैयार कर आवश्यक व्यवस्था की जाए, लेकिन सूची नहीं बनने से गरीब परिवारों को सहायता नहीं मिल पा रही है। कलेक्टर ने 24 घंटे में जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बंटवा रहे भोजन
छतरपुर नगर पालिका सीएमओ पर शहर के पार्षदों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भोजन वितरण कराने के आरोप लगाए हैं। पार्षद डालडे मातेले, लाले शिवहरे, राघवेंद्र सिंह पप्पू राजा, सुरेंद्र साहू, प्रदीप साहू, स्वाति सोनू गुप्ता, महेंद्र शर्मा और अभिषेक खरे ने बताया कि कांग्रेस मानसिकता के सीएमओ अरुण पटेरिया गरीबों को वितरित होने वाले भोजन में राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएमओ कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं और भोजन वितरण व्यवस्था को खराब कर रहे हैं। कलेक्टर शीलेंद्र सिंह सरकार की मंशा अनुरूप गरीबों को भोजन वितरण कर रहे हैं, ताकि इस संकट की घड़ी में किसी भी गरीब को भूखे पेट ना सोना पड़े। यह भोजन वितरण नपा कर्मचारियों को करना चाहिए, लेकिन पटेरिया इस कार्य को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के माध्यम से करा रहे हैं।
लोगों को पहुंचाने और भोजन व्यवस्था के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेेट की ड्यूटी निर्धारित
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेेट प्रेम सिंह चौहान ने कोरोना वायरस के संक्रमण को छतरपुर जिले में रोकने के उद्देश्य से छतरपुर बस स्टैंड पर बाहर से आ रहे आगंतुकों को गंतव्य तक पहुंचाने और भोजन व्यवस्था के लिए तत्काल प्रभाव से कार्यपालिक मजिस्ट्रेेट की नियुक्ति की है।
संयुक्त कलेक्टर पियूष भट्ट की ड्यूटी शाम 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक, संयुक्त कलेक्टर केके पाठक की ड्यूटी दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक, नायब तहसीलदार अंजू लोधी की ड्यूटी सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक और सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख आदित्य सोनकिया की ड्यूटी रात्रि 12 बजे से सुबह 6 बजे तक निर्धारित की गई है। उक्त सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट को बस स्टैण्ड में निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर वाहन व्यवस्था के लिए पुलिस एवं आरटीओ और भोजन व्यवस्था के लिए जिला आपूर्ति अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी से समन्वयक कर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो