scriptकिसानों को दो साल बाद भी नहीं मिला अतिवृष्टि क्षतिपूर्ति का 225 करोड़ रुपए | Farmers did not get Rs 225 crore of excess rain compensation | Patrika News

किसानों को दो साल बाद भी नहीं मिला अतिवृष्टि क्षतिपूर्ति का 225 करोड़ रुपए

locationछतरपुरPublished: Dec 05, 2021 05:12:12 pm

Submitted by:

Dharmendra Singh

2.8 लाख किसानों को मिली केवल 25 फीसदी राशि, 1.25 लाख किसानों को फूटी कौंड़ी तक नहींबांटने को आई राशि में से 13.50 करोड़ अब भी पड़े ट्रेजरी में, किसानों को देने की सुध तक नहीं
 

तात्कालीन कलेक्टर व केन्द्रीय टीम पुहंची थी घुवारा खेतों में

तात्कालीन कलेक्टर व केन्द्रीय टीम पुहंची थी घुवारा खेतों में

छतरपुर। जिले के किसानों को प्राकृतिक आपदा की राशि नहीं मिल पा रही है। वर्ष 2019 में अतिवृष्टि से खराब हुई खरीफ सीजन की सोयाबीन, उड़द की फसल के मुआवजा के लिए जिले के सवा तीन लाख किसानों को 282 करोड़ राहत राशि राज्य सरकार द्वारा स्वीकृति की गई। लेकिन तंगहाली के चलते सरकार ने डेढ साल पहले केवल 25 फीसदी राशि 70 करोड़ ही प्रशासन को बांटन के लिए दिए। उसमें से 13.50 करोड़ रुपए किसानों को अबतक नहीं बंट पाए हैं। जिससे जिले के एक लाख किसानों को राहत की एक फूटी कौड़ी भी नहीं मिली है। जबकि दो साल में 2 लाख 80 हजार किसानों को केवल 25 फीसदी राहत ही मिल पाई है। पूरी राहत की तो अब बात भी नहीं हो रही है। न ही किसानों के हित का दावा करने वाली सत्ताधारी पार्टी और न विपक्षी पार्टी किसानों की राशि दिलाने के लिए आवाज उठा रहे हैं।

3 लाख 82 हजार किसानों को मिलना है 282 करोड़
दो साल पहले अतिवृष्टि के नुकसान का राजस्व व कृषि विभाग द्वारा सर्वे किया गया। सर्वे में छतरपुर जिले के 3 लाख 82 हजार किसानों को चिन्हित किया गया और इन किसानों को राहत देने के लिए शासन द्वारा 282 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे। सरकार के पास आर्थिक तंगी होने की वजह से किसानों को तात्कालिक रूप से सहायता पहुंचाने के लिए 25 फीसदी राशि यानि की लगभग 70 करोड़ रुपए तत्काल किसानों के बैंक खातों में डालने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि इन 70 करोड़ रुपए की 81 फीसदी राशि ही बांटी गई है, जो महज 2 लाख 80 हजार किसानों के खातों में पहुंच पाई। दो साल बीतने के बाद भी शासन द्वारा स्वीकृत साढ़े 13.50 करोड़ रुपए अभी सरकारी खजाने में जमा हैं और जिले का 1 लाख किसान 25 फीसदी राहत राशि की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
सबसे ज्यादा 58 हजार किसान वीडी शर्मा के क्षेत्र में
सरकार द्वारा स्वीकृत की गई राहत राशि में से 25 फीसदी राशि भी जिन किसानों को नहीं मिली है उनकी संख्या वैसे तो 1 लाख 2 हजार 348 है लेकिन इनमें सबसे ज्यादा साढ़े 58 हजार किसान प्रदेश के सबसे ताकतवर सांसद और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के संसदीय क्षेत्र के हैं। इनमें राजनगर तहसील के 24 हजार 354 किसान, लवकुशनगर तहसील के 3 हजार 433 किसान, गौरिहार तहसील के 26 हजार 499 किसान और चंदला तहसील के 4 हजार 214 किसान ऐसे हैं जिन्हें आज तक इस राहत राशि में से फूटी कौंड़ी भी नसीब नहीं हुई है।
अभी तक 81 प्रतिशत किसानों को मिली है 25 फीसदी राशि
जिले भर के 81 प्रतिशत किसानों के खातों में अब तक 25 फीसदी राहत राशि पहुंच पाई है। जानकारी के मुताबिक छतरपुर तहसील के 59 हजार किसानों में से 43 हजार 490 किसानों को राशि प्राप्त हुई है जबकि 15 हजार 565 किसान अभी भी उम्मीद लगाए बैठे हैं। राजनगर तहसील के 65 हजार 846 किसानों में से 41 हजार 492 किसानों को राशि मिली है जबकि 24 हजार 354 किसान अभी भी तहसीलों के चक्कर काट रहे हैं। बिजावर तहसील के 27 हजार 30 किसानों में से 4 हजार 907 किसान अभी राहत राशि पाने से वंचित हैं। बड़ामलहरा तहसील के 26 हजार 521 किसानों में से 1787 किसानों को राहत राशि देखने को भी नहीं मिली है। घुवारा तहसील के 22 हजार 171 किसानों में से 5 हजार 365 किसान राहत राशि पाने का इंतजार कर रहे हैं। लवकुशनगर तहसील के 20 हजार 963 किसानों में से 3 हजार 433 किसानों को राहत राशि नहीं मिली है। गौरिहार तहसील के 58 हजार किसानों में से 26 हजार 499 किसान राहत राशि पाने से वंचित हैं। चंदला तहसील के 24 हजार 201 में से 4214 किसान को राहत राशि नहीं मिल पाई है।
नौगांव महाराजपुर में भी यही हाल
नौगांव तहसील के 40 हजार 267 किसानों में से 10 हजार 585 किसान ऐसे हैं जिन्हें राहत राशि का एक पैसा भी नहीं मिला है। महाराजपुर तहसील के 21 हजार 525 किसानों में से 2 हजार 481 किसान ऐसे हैं जो अभी राहत राशि पाने के लिए तरस रहे हैं। समूचे जिले में 1 हजार 211 गांव के 3 लाख 82 हजार 656 किसानों को 281 करोड़ 73 लाख 45 हजार 814 रुपए की राहत राशि स्वीकृत की गई थी जिसमें से 2 लाख 80 हजार 308 किसानों को 56 करोड़ 93 लाख 1 हजार 883 रुपए की राहत राशि प्राप्त हुई है जबकि जिले के 1 लाख से अधिक किसान ऐसे हैं जिन्हें स्वीकृत राहत राशि का 211 करोड़ रुपए और प्राप्त 25 फीसदी में से साढ़े 13 करोड़ रुपए की राशि मिलना है। यानि कुल मिलाकर जिले के किसानों का सरकार पर लगभग 225 करोड़ रुपए बकाया है।
इनका कहना है
किसानों को राहत राशि वितरण की स्थिति की जानकारी नहीं है। इससे संबंधित किसी भी मीटिंग में मैं नहीं रहा हूं। मैं पता करके इस बारे में कुछ कह पाउंगा। इसकी ज्यादा जानकारी एडीएम साहब बता सकते हैं।
पियूष भट्ट, डिप्टी कलेक्टर
खरीफ फसल के लिए अतिवृष्टि राहत राशि का किसानों को वितरण पेंडिंग होने की जानकारी मुझे नहीं है। मैं पता करता हूं, क्या कारण रहा कि राशि का वितरण नहीं हो पाया है।
आरडीएस अग्निवंशी, अपर कलेक्टर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो