scriptपूर्व मंत्री के पेट्रोल पंप पर लूट, सीसीटीवी कैमरे तोड़े, पेट्रोल पंप कर्मी पर चलाई गोली | Robbery at petrol pump of former minister, broke CCTV cameras | Patrika News

पूर्व मंत्री के पेट्रोल पंप पर लूट, सीसीटीवी कैमरे तोड़े, पेट्रोल पंप कर्मी पर चलाई गोली

locationछतरपुरPublished: Jan 12, 2022 07:12:27 pm

Submitted by:

Dharmendra Singh

बाल बाल बचे कर्मचारी, आधे घंटे तक झांसी खजुराहो फोरलेन के पंप पर उत्पात मचाते रहे लुटेरेथाना से एक किलोमीटर की दूरी पर 22 से 27 साल के बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम

आधे घंटे तक झांसी खजुराहो फोरलेन के पंप पर उत्पात मचाते रहे लुटेरे

आधे घंटे तक झांसी खजुराहो फोरलेन के पंप पर उत्पात मचाते रहे लुटेरे

छतरपुर। पूर्व मंत्री मानवेंद्र सिंह के पेट्रोल पंप पर तीन नकाबपोश युवकों ने हथियारों की दम पर लूट कर ली। लुटेरों ने पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी को गोली भी मारी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर 8 हजार रुपए लूट लिए और सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। बेखौफ बदमाश रात 10 बजे झांसी खजुराहो फोरलेन पर अलीपुरा थाना से एक किलोमीटर की दूरी पर आधे घंटे तक उत्पाद मचाते रहे और फिर कर्मचारियों को बाथरुम में बंद कर फरार हो गए।
वारदात के पहले आए पेट्रोल डलवाने
अलीपुरा थाना अंतर्गत झांसी खजुराहो फोरलेन पर मानवेन्द्र सिंह के राजा पेट्रोल पंप पर मंगलवार रात्रि करीब 10 बजे तीन अज्ञात नकाबपोश बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर पेट्रोल पंप पहुंचे। कर्मचारी सूरज सेन पिता राजू सेन एवं निर्मल बाल्मीकिपिता गब्बू बाल्मीकि पंप पर मौजूद थे। बाइक सवारों ने 200 रुपए का पेट्रोल डलवाया और नौगांव की तरफ निकल गए। लेकिन आधे घंटे में वही बाइक सवार वापस आए और कट्टा निकालकर पंप के कर्मचारी सूरज सेन के सीने में उड़ा दिया और मारपीट शुरू कर दी। तीनों आरोपियों ने दूसरे कर्मचारी निर्मल के साथ भी लात घूसों व कट्टे की बट से मारपीट की और रुपए की मांग करते हुए सूरज सेन के कंधे पर गोली चला दी। गोली सूरज सेन के कंधे को छूती हुई बाथरूम की दीवार में जा धंसी। इसके बाद आरोपियों ने हथियार की दम पर पेट्रोल-डीजल बिक्री के 8 हजार रुपए कर्मचारियों से लूट लिए और दोनों कर्मचारियों को बाथरुम में बंद कर दिया। आरोपियों ने दूसरे कमरे में सो रहे विकलांग राहगीर को भी नहीं छोड़ा, उसके साथ भी मारपीट की और 40 रुपए छीनकर उसे कमरे में ही बंद कर दिया। उसके बाद सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर व अन्य सामान तोड़ दिया और डीवीआर व लैपटॉप लेकर फरार हो गए।
पुलिस का दावा मिले हैं सुराग
बुधवार की सुबह घटना की जानकारी लगने पर अलीपुरा थाना प्रभारी डीडी शाक्य व एसडीओपी कमल कुमार जैन एफएसएल एवं डॉग स्क्वायड की टीम लेकर मौके पर पर पहुंचे। जांच टीमों ने फिगंर प्रिंट लिए हैं। वहीं पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया है। अलीपुरा थाना प्रभारी डीडी शाक्य का कहना है कि राजा पेट्रोल पंप पर लूट एवं मारपीट की घटना हुई है। कुछ सुराग मिले है, जिनके आधार पर जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 22 से 27 साल की उम्र के तीनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है।
थाना के नजदीक हाइवे पर वारदात, पुलिस को चुनौती
पेट्रोल पंप पर लूट करने वाले आरोपी इतने बेखौफ थे कि उन्होंने दिन रात चलने वाले झांसी खजुराहो फोरलेन पर लूट की वारदात को आराम से आधे घंटे तक अंजाम दिया। घटना स्थल से एक किलोमीटर की दूरी पर ही थाना है। वहीं 100 मीटर दूर ही डायल 100 का प्वाइंट हैं। लेकिन पास में पुलिस की मौजूदगी से बेखौफ बदमाशों ने न केवल गोली चलाई, पेट्रोल पंप पर तोडफ़ोड़ भी करते रहे। कर्मचारियों को पीटा और बंद किया और फिर लूट कर अराम से फरार हो गए। पेट्रोल पंप पर लूट की इस घटना से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। नेशनल हाइवे पर थाना के पास लूट की घटना कर बदमाशों ने पुलिस को चुनौती दी है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो