छतरपुर

नगर के वार्डों में हुई सैनिटाइजर की बौछार, किया गया सैनिटाइज

प्रशासन की टीम के साथ विधायक भी पहुंचे खमरिया, जताई नाराजगी

छतरपुरApr 08, 2020 / 08:02 pm

Samved Jain

नगर के वार्डों में हुई सैनिटाइजर की बौछार, किया गया सैनिटाइज

बक्स्वाहा. कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए अब ग्राम स्तर के साथ-साथ नगर स्तर पर भी काम शुरू हो गया हैं। प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधि भी काम में जुट गए है। बुधवार को बक्स्वाहा में भी कुछ इस तरह का ही नजारा देखने मिला। जहां प्रशासन, नगर परिषद के अमले के साथ विधायक भी शहर को सैनिटाइज करने निकले। जो खुद ही सैनिटाइजर का टै्रक्टर चलाते नजर आए।
नगर परिषद बक्स्वाहा द्वारा बुधवार को टैंकर में दवाइयां युक्त पानी तैयार करने के बाद शहर को सैनिटाइज करने अमले के साथ पहुंची। इस दौरान विधायक प्रदुम्न सिंह लोधी, डिप्टी कलेक्टर राहुल सिलाडिय़ा, सीएमओ लखन लाल पाठक, तहसीलदार त्रिलोक सिंह, परियोजना अधिकारी हेमलता ठाकुर सहित अन्य अन्य लोगों की मौजूदगी में शहर के वार्डों को सैनिटाइज करने का काम शुरू किया गया। सुबह से शुरू हुआ काम दोपहर तक अलग-अलग वार्डों में चलता रहा।
डिप्टी कलेक्टर राहुल सिलाडिय़ा ने बताया कि कोरोना के संक्रमण को फैलने से बचाने के लिए सभी समग्र स्तर पर काम कर रहे हैं। जिसके तहत परिषद द्वारा यह सैनिटाइज कराया गया। यह सिलसिला जारी रहेगा।
डोर टू डोर सर्वे का लिया जायजा
विधायक प्रदुम्न सिंह व प्रशासन की टीम ने इस दौरान वार्डों में चल रहे डोर टू डोर सर्वे और जांच कार्य का भी जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए। सोशल डिस्टेंस बनाए रखने कहा गया। इस दौरान लोगों से भी बिना कोई सवाल किए परीक्षण कराते रहने का आग्रह किया गया। साथ ही कर्मचारियों का सहयोग करने का आग्रह किया गया।


प्रशासन की टीम के साथ विधायक भी पहुंचे खमरिया, जताई नाराजगी
बक्स्वाहा. जिला मुख्यालय से 100 किलोमीटर बक्स्वाहा नगर पंचायत की ग्राम पंचायतों में अव्यवस्थित क्वारंटाइन स्कूल की हकीकत पत्रिका द्वारा सामने लाने के बाद प्रशासन में हड़कंप हैं। बुधवार को प्रशासन की टीम के साथ विधायक ने भी खमरिया सहित अन्य क्वारंटाइन स्कूल का जायजा लिया। साथ ही नाराजगी व्यक्त करते हुए व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
बता दें कि पत्रिका ने बुधवार को खमरिया स्कूल सहित आसापास के स्कूलों में क्वारंटाइन लोगों की समस्याओं को उजागर किया था। इसके बाद बुधवार को विधायक प्रदुम्न सिंह, डिप्टी कलेक्टर राहुल सिलाडिय़ा ने खमरिया, सुनवाहा, धरमपुरा और बमौरी गांवों में पहुंचकर स्कूलों में क्वारंटाइन लोगों से चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान विधायक ने खमरिया स्कूल में तीन कमरों में रह रहे 27 लोगों के लिए अधिक कमरों की व्यवस्था कराने के लिए कहा। जिस पर प्रशासन की टीम ने हामी भरी। साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को पूरा करने के लिए कहा गया।
डिप्टी कलेक्टर राहुल सिलाडिय़ा ने बताया कि खमरिया सहित सभी स्कूलों में क्वारंटाइन लोगों के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। खमरिया स्कूल से कुछ लोगों को अन्य जगह शिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही हैं। इसके अलावा अन्य छोटी समस्याओं को भी तत्काल निराकृत करने के लिए संबंधितों को निर्देश दिए गए हैं। व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। डिप्टी कलेक्टर ने सभी क्वारंटाइन प्रभारियों को निर्देशित किया हैं कि अपने-अपने स्कूल में पहुंचकर व्यवस्थाओं को रीचेक कर लें। अगर किसी स्कूल में क्वारंटाइन लोगों की अव्यवस्था से परेशान होने की खबर आती हैं तो इसके लिए अब वह स्वयं जिम्मेदार होंगे।

Home / Chhatarpur / नगर के वार्डों में हुई सैनिटाइजर की बौछार, किया गया सैनिटाइज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.