छतरपुर

मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा यह शहर

पारा 46.6 नौ तपा के पहले ही दिन तमतमाया सूर्य, सीजन का सबसे गर्म रहा दिन, राजस्थान की तरफ से आ रही हवाएं बदली लू में, देर रात तक चलती रही गर्म हवा

छतरपुरMay 25, 2020 / 07:10 pm

Samved Jain

मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा यह शहर

छतरपुर. नौ तपा के पहले ही दिन तमतमाया सूरज रेकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया हैं। सोमवार को सीजन का सबसे गर्म दिन और रात रेकॉर्ड की गई हैं। खजुराहो का पारा 46.6 तो नौगांव में 46 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा दर्ज किया गया हैं। अचानक से बढ़ी गर्मी के बीच अब लोग भी हलाकान नजर आए।
रविवार की रात में चल रहीं गर्म हवाओं के बाद सोमवार की सुबह भी काफी गर्म रही। सुबह 7 बजे ही सूर्य की तपन बर्दाश्त करना मुश्किल थी। बढ़ते दिन के साथ पारा बढ़ता गया और दोपहर 12 से २2 के बीच पारा ने 46 डिग्री सेल्सियस को पार करते हुए रेकॉर्ड दर्ज किया। रविवार की रात से सुबह तक जहां न्यूनतम पारा 29.8 दर्ज किया गया। वहीं सोमवार को दिन का पारा 46.6 दर्ज हुआ। जो सीजन की सबसे गर्म रात और दिन भी रहे। मौसम विभाग के अनुसार गर्मी और भी बढऩे की संभावना हैं।

राजस्थान की तरफ से आ रही हवाओं ने बढ़ाई गर्मी
मौसम विभाग खजुराहो केंद्र आरके परिहार ने बताया कि इस समय राजस्थान की तरफ से यानि पश्चिमी हवाएं आ रही हैं। इन गर्म हवाओं के कारण तपन बढ़ रही हैं। यह हवाएं क्षेत्र में लू का रूप ले रही हैं। जिससे सूर्य ढलने के बाद भी गर्म हवाओं का सामना लोगों को करना पड़ रहा हैं। जो काफी नुकसानदायक भी हो सकती हैं। २७ और २८ मई तक गर्मी का कहर जारी रहेगा। इस बीच बूंदाबांदी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। लोगों से आग्रह किया है कि दोपहर के समय घरों से बाहर न निकले। शाम के समय हाथ, मुंह बांधकर ही बाहर निकलें। जिससे लू से बचा जा सके।

गर्मी ने फिर से किया लॉक डाउन
एकाएक तीन दिनों में बढ़ी भीषण गर्मी ने लोगों को हलाकान कर दिया हैं। प्रशासन द्वारा भले ही बाजार खोलने की अनुमति देकर लॉक डाउन में ढील दे दी हो, लेकिन गर्मी की तपन में हलाकान लोग घरों में ही लॉक रहना पसंद कर रहे हैं। ऐसे में फिर से शहर में लॉक डाउन जैसे हाल दिन में नजर आने लगे हैं। इधर गर्मी बढ़ते ही पंखा, कूलर फेल हो गए हैं। वहीं लोग पानी और पेय पदार्थ बार-बार पीकर दिन काट रहे हैं।

Hindi News / Chhatarpur / मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा यह शहर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.