Amarnath yatra: अमरनाथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं ने शेयर की फोटो, बताया आंखों देखा हाल
कुछ यात्री गुफा के अंदर फंसे हुए हैं जिनसे संपर्क नहीं हो रहा है। इंटरनेट व्यवस्था भी ठप हो गई है।
छिंदवाड़ा
Published: July 12, 2022 02:51:45 pm
छिंदवाड़ा. अमरनाथ यात्रा पर छिंदवाड़ा जिले से गए यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि कई यात्री बिना बर्फानी बाबा के दर्शन किए वापस लौट रहे हैं। कई यात्री रास्ते में फंसे हुए हैं। वहीं कुछ यात्रियों से संवाद स्थापित नहीं हो पाया है। बताया जाता है कि कुछ यात्री गुफा के अंदर फंसे हुए हैं जिनसे संपर्क नहीं हो रहा है। इंटरनेट व्यवस्था भी ठप हो गई है। अमरनाथ यात्रा पर गए छिंदवाड़ा जिले के एक जत्थे ने पत्रिका से फोन पर बात की। इसमें छिंदवाड़ा निवासी राहुल सेरजे, आशीष चांडक, अतुल गुरदे, प्रशांत वाघ, चंदू सेन, निलेश कुरोठे, सुजीत धुंडात शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम वे अमरनाथ गुफा के काफी गरीब पहुंच गए थे, लेकिन उसी वक्त हादसा हो गया। हमलोग गुफा से लगभग दो किमी दूर रहे होंगे। हादसा होने के बाद अफरातफरी का माहौल बन गया। हमलोगों को वापस पंचतरणी जाने के लिए कहा गया। देर रात हमलोग गुफा से लगभग पांच किमी दूर पंचतरणी पहुंचे और वहां टेंट में विश्राम किया। शनिवार सुबह हमें वहां टेंट खाली करने के लिए कह दिया गया। हमलोग अमरनाथ गुफा से लगभग 14 किमी दूर बालटाल पहुंचे। स्थिति देखकर यह समझ में आ गया कि अगले कुछ दिन अमरनाथ यात्रा शुरु होना मुश्किल है। ऐसे में हमारे जत्थे ने यह निर्णय लिया कि अब अगली बार बाबा अमरनाथ के दर्शन करने आएंगे। दूर से ही बाबा बर्फानी को प्रणाम कर जत्था वैष्णों देवी के दर्शन के लिए रवाना हो गया है। उन्होंने पत्रिका के साथ अपनी कुशलता की फोटो भी शेयर की।

Amarnath yatra: अमरनाथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं ने शेयर की फोटो, बताया आंखों देखा हाल
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
