छिंदवाड़ा

भाजपा ने देश की जनता को किया गुमराह: कमलनाथ

जनसभा: मुख्यमंत्री के तीन दिवसीय दौरे का दूसरा दिन, कहा…

छिंदवाड़ाMar 26, 2019 / 11:45 pm

prabha shankar

cm in chhindwara

छिंदवाड़ा. प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को पांढुर्ना और चौरई विकासखंड के तीन गांवों में जनसभा ली। अपने पुत्र नकुलनाथ के साथ वे मोरडोंगरी, कौडिय़ा और औरिया में लोगों से मिले। जनसभा में मुख्यमंत्री ने जिले की विकास यात्रा और बदलते छिंदवाड़ा के सम्बंध में बात की। कमलनाथ ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले पांच वर्षों में केवल झूठे नारे व खोखले वादों से देश की जनता को गुमराह किया है। जनता आज भी हर खाते में 15 लाख और देश का नौजवान आज भी प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार की राह देख रहा है।
मध्यप्रदेश में कांग्रेस के सत्ता में आने से पूर्व 15 वर्षों तक भाजपा का शासन रहा, लेकिन भाजपा यह नहीं बता सकती कि उन्होंने छिंदवाड़ा जिले के लिए क्या किया है। देश की सुरक्षा और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद इस देश को पंडित नेहरू व इंदिरा गांधी ने सेनाओं से सुसज्जित किया। क्या भाजपा के सत्ता में आने के पूर्व तक क्या देश असुरक्षित था।
जबकि सर्वाधिक हमले भाजपा के शासनकाल में हुए हैं। किसानों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 70 प्रतिशत किसानों की बदौलत ही बाजारों में रौनक है, लेकिन पिछली सरकार की किसान विरोधी नीतियों ने इन्हें आत्मनिर्भर नहीं होने दिया। कभी किसानों के पेट पर लात पड़ी तो कभी छाती पर गोली लगी।
सभाओं में नकुलनाथ ने भी सम्बोधित किया और कहा कि वे नौजवानों के सुखद भविष्य के लिए हर लड़ाई लडऩे को तैयार हैं। दोपहर बाद छिंदवाड़ा में आदिवासी सम्मेलन में भी मुख्यमंत्री ने शिरकत की। इस दौरान तामिया अंचल के उपक्षेत्र चावलपानी से आए लोगों से उन्होंने मुलाकात की। खपासामी, हरकापुर, बोदलकछार, दईयर, केवलारी, झामर सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों ने उपस्थिति दी।
आज का कार्यक्रम…
बुधवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ शहर में ब्लॉक, क्षेत्रीय, नगर अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, समन्वयक, पर्यवेक्षक, समन्वयक, समन्वयक प्रभारी, बूथ सहयोगी, विधायक, मोर्चा संगठन के जिलाध्यक्ष की बैठक लेंगे।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.