छिंदवाड़ा

ऐसे दोपहिया वाहनों से लगता है लाखों का चूना

बाइक का व्यावसायिक उपयोग कर लगा रहे चूना

छिंदवाड़ाMar 11, 2019 / 11:49 am

prabha shankar

Commercial Use of Two Wheeled Vehicles

छिंदवाड़ा. बाइक का निजी उपयोग के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के बाद उसका व्यावसायिक इस्तेमाल लिया जा रहा है। कुछ लोग खुलेआम शासन को चूना लगा रहे हैं, जिसे न तो परिवहन विभाग रोक पा रहा है और न तो पुलिस कोई कार्रवाई कर पा रही। लोग तमाम तरह से दोपहिया का इस्तेमाल व्यवसाय में कर रहे हैं जिसकी संख्या हर दिन बढ़ती ही जा रही।
जिला परिवहन कार्यालय के मुताबिक बाइक का व्यावसायिक रजिस्टे्रशन कोई भी नहीं करवाता। जिले की सडक़ों पर दोपहिया पर व्यापार करते हुए कई लोग दिखाई देते हैं। कई नामी कम्पनियां भी इसमें शामिल हैं। निजी उपयोग के वाहनों का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है इसकी जानकारी पुलिस और परिवहन विभाग को भी है इसके बाद भी कोई ठोस कार्रवाई अभी तक दोनों ही विभाग की ओर से नहीं की गई है। हालांकि इसमें सबसे अधिक नुकसान परिवहन विभाग को हो रहा है। निजी उपयोग वाले वाहनों का रजिस्ट्रेशन शुल्क कम होता है इसकी तुलना में व्यावसायिक उपयोग वाले दोपहिया वाहनों का शुल्क बढ़ जाता है। इस तरह लोग व्यावसायिक उपयोग करने के साथ ही शुल्क भी बचा रहे हैं जो नियम विरुद्ध है। ऐसे वाहनों की संख्या सैकड़ों में है।
ऐसा किया जा रहा उपयोग
दोपहिया से लोग दूध की सप्लाई कर रहे हैं। वाहन पर दोनों तरफ कैन बांधकर घर-घर तक दूध पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा कुछ कम्पनियों के कर्मचारी घरेलू उपयोग की सामग्री भी पहुंचाते हैं। इस तरह बाइक का व्यावसायिक उपयोग लिया जा रहा। इस तरह के वाहन सडक़ पर ही दौड़ते नजर आते हैं, लेकिन पुलिस और परिवहन विभाग को दिखाई नहीं देते। केवल व्यावसायिक उपयोग ही नहीं इन वाहनों के कारण दुर्घटना का अंदेशा भी पूरे समय बना रहता है। बाइक को मॉडिफाई कराया जाता है। यह गलत है, क्योंकि कम्पनी के वाहन में किसी भी तरह का बदलाव करना भी कानून जुर्म है।
फाइन किया जाता है
कुछ कम्पनियों ने व्यावसायिक उपयोग की स्वीकृति के लिए प्रमाण पत्र लिया है। कुछ ऐसे भी हंै जो बिना स्वीकृति के दोपहिया वाहनों का व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं। उनके खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई कर चालान न्यायालय में पेश किया जाता है।
सुदेश कुमार सिंह, डीएसपी, यातायात, छिंदवाड़ा

Home / Chhindwara / ऐसे दोपहिया वाहनों से लगता है लाखों का चूना

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.