छिंदवाड़ा

मार्च में ही सहन नहीं हो रही गर्मी की मार

मौसम: दिन का तापमान 38 डिग्री हुआ पार

छिंदवाड़ाMar 30, 2019 / 11:58 am

Rajendra Sharma

Summer Season

छिंदवाड़ा. मार्च के महीने में गर्मी के तीखे तेवर लोगों को सहन नहीं हो रहे हैं। इन दिनों लगातार बढ़ रहा तापमान लोगों को बीमार बना रहा है। हालात ये हैं कि दोपहर के समय लोग घरों से निकलने में हिचक रहे हैं। शुरुआत में ही गर्मी की तीखी चुभन लोगों को असहनीय हो रही है। ऐसे में पंखे और कूलर की ठंडी हवा उन्हें अस्पताल पहुुंचा रही है। शुक्रवार को जिले का तापमान 38 डिग्री को पार कर गया। दोपहर तीन बजे तापमान 38.1 डिग्री दर्ज किया गया। रात का तापमान भी 22 डिग्री पर पहुंच चुका है, यानी अब रातें भी लोगों को बैचेन कर रहीं हैं। मार्च में इन दिनों मैदानी इलाकों में चलने वाले तेज हवा ग्रामीण इलाकों के लोगों में और घबराहट फैला रही है। मौसम जानकारों का कहना है कि अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में और दो डिग्री का इजाफा हो सकता है।
सुबह नौ बजे ही दोपहर सा नजारा

गर्मी की सुबह इन दिनों सुबह नौ बजे ही सूरज की किरणें इतनी गर्म हो रहीं हंै कि दोपहर सी गर्मी महसूस होने लगी है। लोग इस समय भी अपने घरों से निकलते समय आंखों पर चश्मा और सिर पर कैप या गमछा बांधने को मजबूर हैं। इधर इस सीजन में स्कूल भी खुले हैं। तेज तापमान के कारण छोटे बच्चे असहज महसूस कर रहे हैं। दोपहर को तेज धूप का असर शाम को सूर्यास्त के बाद भी देर तक महसूस किया जा रहा है।
एक अप्रैल से शहर में खुलेंगे प्याऊ

शहर के बस स्टैंड. रेलवे स्टेशन, प्राइवेट बस स्टॉप, जिला अस्पताल समेत सरकारी, गैर सरकारी दफ्तरों में हर दिन हजारों लोग आते-जाते हैं। गर्मी शबाब में आते ही हर कंठ से एक ही आवाज आती है, बस पानी मिल जाए। यह पानी मिल नहीं पा रहा है क्योंकि शहर में प्याऊ नहीं खुल पाए हैं। निगम आयुक्त इच्छित गढ़पाले का कहना है कि एक अप्रैल से शहर में प्याऊ खोल दिए जाएंगे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.