script

उत्सव का उल्लास, दीपावली पर देररात तक हुई आतिशबाजी

locationछिंदवाड़ाPublished: Oct 20, 2017 12:34:18 pm

Submitted by:

mantosh singh

पूजा-अर्चना कर समृद्धि की गई प्रार्थना

fireworks till late on Deepavali

छिंदवाड़ा. सुख, समृद्धि, एश्वर्य और रोशनी का पर्व दीपावली गुरुवार को जिलेभर में धूमधाम से मनाई गई। लोगों में दीपावली का उत्साह नजर आया। पूरा जिला रंग बिरंगी रोशनी में जगमगाता रहा। व्यवसायिक प्रतिष्ठान व घरों की देहली दीप मालाओं से जगमगाए। आकाशी आतिशबाजी से जिला मुख्यालय सतरंगी हुआ। घरों में मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए घर का कोना-कोना रोशन किया गया। दीपोत्सव को लेकर पूरे शहर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। मां लक्ष्मी की पूजा के बाद लोगों का मन खुशियों से भर उठा। रात को सभी ने मंदिरों में पहुंचकर माता के अलौकिक रूप के दर्शन किए।

विभिन्न प्रकार के व्यंजन चढ़ाए
पांच दिवसीय दीपोत्सव के तीसरे दिन गुरुवार को दीपावली पर्व मनाया गया। इस मौके पर सभी ने समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी, भगवान गणेश व कुबेर की पूजा अर्चना कर समृद्धि की प्रार्थना की। गोधूलि बेला से ही घरों और प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी पूजन का दौर शुरू हो गया जो रात्रि शुभ मुहूर्त के अनुसार चलता रहा। पर्व को लेकर सुबह से लोगों में उत्साह नजर आया। लोगों ने रात को नए कपड़े पहन कर परिवार के साथ पूजा अर्चना की। इसमें माता को पुष्प सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन चढ़ाए गए। इसके बाद आतिशबाजी की गई।

50 हजार यूनिट अतिरिक्त बिजली खर्च
दिवाली पर शहर में बल्व और ट्यूबलाइट की जगमगाहट में ५० हजार यूनिट अतिरिक्त बिजली खर्च हुई। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी शहर सम्भाग द्वारा बिजली की आपूर्ति बनाए रखने के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। शहर सम्भाग कार्यपालन अभियंता योगेश उइके ने बताया कि १६ अक्टूबर को शहर में बिजली की आपूर्ति ३.४ लाख यूनिट थी। धनतेरस से प्रतिदिन ५० हजार यूनिट अतिरिक्त बिजली लग रही है। दिवाली के दिन बिजली की मांग काफी रही। बिजली की खपत ३.९ लाख यूनिट रही। शहर में बिजली की आपूर्ति लगातार बनाए रखने के लिए तीन सहायक यंत्री, तीन जूनियर इंजीनियर और ४८ लाइनमेन की ड्यूटी लगाई गई थी।

ट्रेंडिंग वीडियो