छिंदवाड़ा

ऐतिहासिक रामलीला: 129 वर्षों से लगातार है जारी

14 दिवसीय आयोजन आज से

छिंदवाड़ाOct 06, 2018 / 10:54 am

prabha shankar

Historical Ramlila

छिंदवाड़ा. छोटीबाजार स्थित रामलीला परिसर में होने वाली ऐतिहासिक रामलीला का मंचन शनिवार से शुरू हो रहा है। इस वर्ष इसके मंचन में आधुनिक तकनीक को भी जोड़ा जा रहा है। मंच पर पीछे परदे की जगह इस बार 12 फीट ऊंची और 24 फीट चौड़ी एलइडी लगाई जाएगी। मंचन के खास प्रसंगों को फिल्म की भांति पर्दे पर दिखाया जाएगा। इनसे जुड़े दृश्यों की शूटिंग की गई है जिसमें रामलीला का कलाकारों ने ही अभिनय किया है। एेसे प्रसंग जो मंच पर चलित रूप से दिखाए नहीं जा सकते उनका फिल्मांकन किया गया है। जैसे रावण का अपने शीश काटकर अर्पित करना, सीता हरण, हनुमान का संजीवनी के लिए पर्वत उठाकर लाना, उनका समुद्र पार करना, राम सेतु का निर्माण आदि दर्शकों के लिए नया होगा।
हमेशा की तरह किरीट पूजन, रावण अत्याचार और राम जन्म के साथ 14 दिन इस आयोजन की शुरुआत शनिवार से होगी। देश की सबसे पुरानी रामलीलाओं में शुमार छिंदवाड़ा की इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक प्रस्तुति का यह 130 वां वर्ष है। हर वर्ष दशहरा पर मंडल के चार सौ से ज्यादा कलाकार इसके मंचन की व्यवस्था सम्भालते हैं। रात नौ बज से रात बारह बजे तक रामलीला का मंचन होगा।

सभी समाजों को आमंत्रण
सवा सौ साल से ज्यादा का इतिहास संजोए इस रामलीला के आयोजन ने अपनी सांस्कृतिक, पारम्परिक और सामाजिक एकता को जोड़ के रखा है। शुक्रवार को एक पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष सतीश दुबे लाला ने बताया कि इस बार हमने सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए सभी समाजों को आमंत्रित किया है। रामायण के कई प्रसंगों में यह संदेश भी दिया गया है। पत्रकार वार्ता मेेंं संरक्षक राजू चरणाकर, कस्तूरचंद जैन, सचिव रोहित द्विवेदी, अरविंद राजपूत ने भी जानकारियां दीं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.