scriptराहगिरी-डे पर रविवार की सुबह चार घंटे हुआ धमाल | It's been four hours since morning on Rahagiri-Day | Patrika News

राहगिरी-डे पर रविवार की सुबह चार घंटे हुआ धमाल

locationछिंदवाड़ाPublished: Jan 21, 2019 12:18:36 pm

आनंदोत्सव के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा

It's been four hours since morning on Rahagiri-Day

राहगिरी-डे पर रविवार की सुबह चार घंटे हुआ धमाल

राहगिरी-डे पर रविवार की सुबह चार घंटे हुआ धमाल : योगा, गीत-संगीत के साथ खेल गतिविधियां आयोजित लोगों को आनंदित कर गई बड़वन की सुबह

छिंदवाड़ा. अमूमन सुबह के समय चहलकदमी करने वाले कुछ लोगों के अलावा सूना सा रहने वाले बड़वन के रास्ते पर रविवार को नजारा कुछ और ही था। गीत संगीत, नृत्य, योगा, खेलकूद, पतंगबाजी यानी टोटल धमाल। बच्चे, युवा, बुजुर्ग यहां थे। कुछ तो बकायदा छुट्टी के दिन पूरे परिवार के साथ यहां पहुंचे थे। कार्यक्रम था राहगिरी डे का। नगर निगम इन दिनों आनंद उत्सव के तहत विविध कार्यक्रम कर रहा है, एेसे कार्यक्रम जिसमें शहर की जनता की भागीदारी हो। इसका उद्देश्य स्वच्छता अभियान से लोगों को जोडऩा भी है और इस अभियान के तहत शहर के मुख्य क्षेत्रों को किस तरह से सजाया संवारा गया है यह भी दिखाना है।
इसी तर्ज पर हर-गली मुहल्ले को स्वच्छ बनाना है ताकि वहां भी इसी तरह का उत्साह, माहौल और चहल-पहल दिखे। एक सुबह बड़वन के नाम पर रविवार की सुबह ने सचमुच आनंदित कर दिया। सुबह संगीत के साथ लय और ताल में जुंबा और योग करते देख कई अपने आपको रोक नहीं पाए और खुद भी योगा करने में शामिल हो गए। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल थे, यह दृश्य भी बेहद सुखद था।
शहर के सबसे पुराने मार्ग बड़वन को रविवार के आयोजन के लिए विशेष रूप से सजाया गया था। मंच पर से जहां योगा कराया गया तो लाइव म्यूजिक के जरिए पर्यावरण और स्वच्छता से सम्बंधित गीतों की प्रस्तुतियां भी दी गईं। शहर की युवा प्रतिभाओं ने भी अपना हुनर दिखाया और सुर बिखेरे। सुबह की शीतल हवाओं के साथ गीत संगीत ने फिजा को और महका दिया। यहां आए शहरवासियों ने बैडमिंटन और दूसरे खेलों में अपनी जोर आजमाइश की तो स्वच्छता का संदेश देते हुए कई पतंगें भी आसमान से बात करती हुई दिखीं। बच्चों ने श्रीनाथ स्कूल के मैदान से इन्हें डोर में बांधकर आसमान तक पहुंचाया और पूरे शहर को इसके जरिए स्वच्छता की बात कहते हुए इस आयोजन का भी संदेश दिया।
तीन घंटे का यह आयोजन चार घंटे से ज्यादा देर तक चला। स्वच्छता अभियान की अगुआई कर रहे नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी भी पूरे जोश में इस आयोजन से जुड़े देखे गए। उन्होंने डीजे की धुन पर खूब नृत्य किया। बतौर अतिथि एसपी मनोज राय, एडिशनल एसपी के साथ अन्य अधिकारी कर्मचारी पूरे समय यहां मौजूद रहे और लोगों को उत्साहित करते हुए उनके साथ शामिल हुए।
आनंदोत्सव के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा

निगम के आंनद उत्सव के तहत ऑलम्पिक स्टेडियम ग्राउंड पर नगर निगम के स्वच्छता कर्मचारियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें निगम के महिला-पुरुष कर्मचारियों सहित उनके बच्चों ने भाग लिया। शुरुआत हरे-नीले गुब्बारे उड़ाकर की गई। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत कचरा प्रथक्करण का संदेश देने वाली हरी-नीली पतंग भी मैदान से उड़ाई गईं। कार्यक्रम में महापौर कांता योगेश सदारंग, स्वास्थ्य सभापति अभिलाष गोहर, पार्षद असगर वासु अली, आयुक्त इच्छित गढ़पाले, सहायक आयुक्त आरएस बाथम, शशिकपूर गढ़पाले सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। पुरुष वर्ग कबड्डी, महिला वर्ग म्यूजिकल चेयर, बच्चो की जलेबी दौड़, मेंढक दौड़, महिलाओं की सात प्लेट हिटिंग, थ्रो बॉल आदि के खेल शामिल रहे। अधिकारी-कर्मचारी ने क्रिकेट खेल का भी आनंद लिया। अंत में महापौर ने विजेता खिलाडिय़ों को मैडल, शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

ट्रेंडिंग वीडियो