scriptविधि-विधान से विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा आज | Life-Loyalty of Vigils Today By Law | Patrika News

विधि-विधान से विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा आज

locationछिंदवाड़ाPublished: Feb 17, 2019 11:20:43 am

शतचंडी महायज्ञ : मंदिर के पुनर्निर्माण के बाद चंदनगांव माता मंदिर में धार्मिक आयोजन

patrika

विधि-विधान से विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा आज

छिंदवाड़ा. चंदनगांव स्थित माता मंदिर में एक सप्ताह से चल रहे धार्मिक आयोजन आज संपन्न हो रहे हैं। मंदिर के पुनर्निर्माण के बाद यहां देवी दुर्गा के साथ अन्य विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा सुबह नौ बजे से शुरू हो जाएगी।
इसके साथ ही १२ तारीख से चल रहे शतचंडी महायज्ञ का समापन भी पूर्णाहुति के साथ होगा।
पिपरिया के पं जितेंद्र कुमार शास्त्री के साथ अन्य विद्वान पुरोहितों ने यहां सामूहिक यज्ञ संपन्न कराया। शनिवार को सुबह मंदिर में पूजा पाठ हुई उसके बाद दोपहर दो बजे से महायज्ञ शुरू हुआ। शनिवार को भी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और आहुतियां समर्पित कर यज्ञ मंडप की प्रदक्षिणा की। शाम सात बजे से सभी स्थापित होने वाले विग्रहों के विशेष संस्कार कराए गए। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि रविवार को सुबह नौ बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। आरती के बाद भंडारे का आयोजन यहां किया गया है।
ध्यान रहे मंदिर के पुनर्निर्माण के बाद यहां दुर्गा प्रतिमा, शिव दरबार, विठ्ठल रुक्मिणी, अन्नपूर्णा माता और काल भैरव के विग्रह रखे जा रहे हैं। इस निमित्त १० फरवरी से विशेष कार्यक्रम यहां आयोजित किया जा रहा है इसका समापन १७ फरवरी रविवार को होगा। सभी विग्रह संगमरमर के हैं और जयपुर से बनकर आए हैं। इस आयोजन में क्षेत्र सहित अन्य आसपास के ग्रामों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं।
माता मंदिर क्षेत्र में शनिवार को स्थापित होने वाले विग्रहों की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की अगुआई मंगलकलशों को अपने सिर पर रखकर बालिकाएं और महिलाएं कर रहीं थी। महापौर कांता सदारंग, पार्षद और सभापति विजय पांडे, योगेश सदारंग भी इस शोभायात्रा में शामिल हुए। बच्चे इस मौके पर विशेष रूप से विभिन्न भगवानों की वेशभूषा में सजे हुए नजर आए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो