सड़क पर बिखरा किसानों का मक्का, मंडी शेड में रखा व्यापारियों का अनाज
छिंदवाड़ाPublished: Nov 08, 2022 03:59:05 pm
कुसमैली मण्डी में आवक बढऩे से बिगड़ी व्यवस्था


Maize of farmers scattered on the road, grain of traders kept in mandi
छिंदवाड़ा। कुसमैली कृषि उपज मण्डी पर मक्का की आवक बढऩे से व्यवस्थाएं बिगड़ती जा रही हैं। सोमवार को मक्का करीब 40 हजार क्विंटल आने पर किसानों का अनाज सड़क पर नजर आया, जिसे ट्रक रौंदते हुए निकलते रहे। जबकि, मण्डी शेड में व्यापारियों का मक्का दिखाई दिया। किसानों ने व्यवस्था को सुधारने की मांग की।
ग्राम लावाघोघरी से आए किसान उमेश पटेल ने बताया कि वे 50 क्विंटल मक्का मण्डी में बेचने दो दिन पहले आए, लेकिन उन्हें मण्डी में शेड नहीं मिल पाया। सड़क पर मक्का डालना पड़ा। इस मक्का को सडक़ पर चलने वाले ट्रक रौंद रहे हैं। इससे मक्का की क्वालिटी खराब हो रही है। गुणवत्ता प्रभावित होने पर उनके मक्का के दाम कम हो जाएंगे। उनके अनुसार मण्डी के शेडों पर व्यापारियों का कब्जा है। किसान नरेश ठाकुर का कहना है कि मण्डी शेड पर रखे मक्का को व्यापारी तब तक नहीं उठाते हैं, जब तक रेलवे रैक नहीं लग जाती। इससे मण्डी परिसर में अव्यवस्थाएं दिखाई दे रही हैं। इसके जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों को तुरंत हटाना चाहिए। उनकी लापरवाही से अन्नदाता किसान परेशान होता नजर आ रहा है।