छिंदवाड़ा

रमजान का महीना : शाम की नमाज के बाद इफ्तार में भाईचारे का संदेश

रमजान का महीने में अकीदतमंद इबादत के साथ कई पाबंदियों का कर रहे पालन

छिंदवाड़ाJun 04, 2019 / 12:52 pm

Rajendra Sharma

Ramjaan

छिंदवाड़ा. रमजान का महीने बीतने को है। ईद की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। मुस्लिम कम्युनिटी में यह महीना इबादत और पाबंदी के साथ बीत रहा है। बच्चे से लेकर बड़े तक परहेज के साथ रोजा रख रहे हैं। रोजे में सहरी और इफ्तार का खास महत्व होता है। अलसुबह तय समय से पहले सहरी खाई जाती है जबकि सूर्य अस्त होने के बाद तय समय में इफ्तार किया जाता है। इफ्तार में भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है।
इन दिनों रोजदारों के लिए विशेष पकवान बनाए जा रहे हैं। शहर के कुछ इलाके तो शाम होते ही गुलजार हो जाते हैं। वहीं घरों में भी विशेष पकवान बनाए जाते हैं। बच्चों की फरमाइश का भी ध्यान रखा जा रहा है। इसके साथ ही ईंद को लेकर मस्जिदों की आकर्षक सजावट की जा रही है। लख-दख रोशनी के साथ धर्म पताकाएं लहरा रहीं हैं।
 

ईद की तैयारियां शुरू

मुस्लिम धर्मावलंबी रमजान के आखिरी विशेष दिनों में अल्लाह की इबादत में मशगूल हैं। पांच या छह जून को ईद होने की संभावना है। साल के इस बड़े त्योहार को सब खुशी-खुशी मनाते हैं। त्योहार को लेकर मुस्लिम बहुल इलाकों में चहल-पहल बढ़ गई है तो सेवइयों की दुकानें लग गईं हैं। विभिन्न पकवानों के साथ फलों और मेवों की खरीदी भी शुरू हो गई है। ईद के दिन मीठी सेवइयां बनती हंै। ईद की खुशियों केा अपनों के बीच बांटने को लेकर कई घरों में विशेष दावत का इंतजाम भी किया जा रहा है। आखिरी दिनों में शाम की नमाज के बाद इफ्तार भी कराया जा रहा है। रविवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश साहू ने अपने निवास स्थान पर रोजा इफ्तार पार्टी दी, जिसमें रोजेदारों के साथ कांग्रेस पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बाजार गुलजार

ईद-उल-फितर को लेकर बाजार भी तैयार है। कपड़े, आर्टिफिशियल ज्वेलरी से लेकर फुटवेयर में ऑफर की धूम चल रही है। ईद से ठीक पहले रविवार-सोमवार के बाजार में खासी भीड़ देखी गई है। लोगों ने त्योहार को ध्यान में रखकर खरीदारी की।
सेवइयों की महक

जैसे-जैसे ईद नजदीक आ रही है, वैसे ही सेवइयों की खरीदारी भी शुरू हो चुकी है। अलग-अलग ब्रांड की सेवइयों की खुशबू से बाजार की गलियां महकने लगीं हैं। सिर्फ मुस्लिम कम्युनिटी ही नहीं दीगर समाज के लोग भी सेवई की खरीदारी कर रहे हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.