पांढुर्ना. झमाझम बारिश के बीच शुक्रवार को दिनभर बारिश के बीच जाम नदी के तट पर जमकर पत्थरबाजी हुुई। सांवरगांव और पांढुर्ना पक्ष ने एक दूसरे पर खूब पत्थर बरसाए।नदी में पानी अधिक होने से पुलिया पर पांढुर्ना और सांवरगांव पक्ष आमने सामने से पत्थरबाजी करते रहे। बीच बीच में पटाखें फोडक़र और ढोल बजाकर खेल में उत्साह का संचार होता रहा।
सुबह 5 बजे से झंडा गाडऩे की प्रक्रिया शुरू हुई। दिन निकलते ही खेल प्रेमी निशानियां चढ़ाने मां चंडी के मंदिर से आशीर्वाद लेकर मेले में पहुंचने लगे। दोपहर पत्थरबाजी में तेजी देखी गई।
250 से अधिक हुए घायल, तीन गंभीर
पत्थरबाजी में 250 से अधिक खिलाड़ी घायल हुए। देर शाम प्रशासन ने 145 लोगों के घायल होने की जानकारी दी। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। खारी वार्ड निवासी रामचंद्र खुरसंगे 75 साल का पैर फ्रेक्चर हो गया। इसी तरह सागर पिता शंकर कुमरे 21 साल का भी पैर फ्रेक्चर हो गया। संजय पिता सानु बड़ोदे 22 साल निवासी झिलपा को कंधे पर गंभीर चोंट आई उसे जिला अस्पताल रैफर किया गया।
11 वर्ष की बालिका गायत्री भांगे निवासी भवानी वार्ड को खेल देखते दौरान सिर पर पत्थर लग गया। जिसका उपचार सिविल अस्पताल में किया गया।
अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिलें कलेक्टर-एसपी
मेले में पहुंचे कलेक्टर मनोज पुष्प और एसपी विनायक वर्मा ने गोटमार देखी। अधिकारियों ने सिविल अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिलें। घायलों के उपचार की व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विधायक ने खेली गोटमार
हर साल की तरह इस साल भी विधायक निलेश उईके गोटमार खेलने पहुंचे। उन्होंने पांढुर्ना पक्ष से खेलकर पांच पत्थर मारे। विधायक ने नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोड़े के साथ मेले का जायजा भी लिया।
देर शाम तक नदी में रहा झंडा, नपाकर्मियों पर होता रहा पथराव
अंधेरा होने के बाद भी देर शाम तक नगर पालिका कर्मचारियों को नदी से बाहर झंडा निकालने से रोका जा रहा था। नदी में तेज बहाव और मेला स्थल पर अंधेरा होने से विपरीत परिस्थितियों में प्रशासन नदी से झंडा निकालने का प्रयास करता रहा।
ड्रोन से रखी गोफन पर नजर , एक युवक लापता , बोट से किया रेस्क्यू
गोटमार खेल में गोफन चलाने वालों पर ड्रोन कैमरे से नजर रखी गई। हालांकि बारिश की वजह से पूरा दिन ड्रोन नहीं चल सका। नदी में तेज बहाव के चलते बोट के सहारे खेल के दौरान नदी में बह रहे दो लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। गोटमार मेले से भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विष्णु लेंडे का भाई सुदामा लेंडे लापता हो गया है। शाम करीब 4.30 बजे खेल के दौरान पत्थर लगने के बाद पानी में गिरने की जानकारी मिली है।
गोटमार के बाद उसके जख्म रह जाते है जिनका ईलाज कराने घायल अस्पताल पहुंच रहे थे। पांच की हड्डियों में फ्रेक्चर, एक्स रे रिपार्ट से दिखा चोंट का दर्द गोटमार खेल के दौरान घायल होने वालें खिलाडिय़ों को कितनी जोर से चोंट लगी होगी इसका अहसास एक्स रे रिपोर्ट में दिखाई दिया। कुल पांच लोगों की पत्थर लगने से हड्डी टूटी। हड्डी रोग विभाग में रिपोर्ट देखकर पत्थर की मार का अहसास हो रहा था।