script

मुख्यमंत्री के गृह जिले में क्यों गिरफ्तार हुए भाजपा प्रत्याशी समेत 20 कार्यकर्ता, पढ़ें पूरा मामला

locationछिंदवाड़ाPublished: May 22, 2019 01:23:52 pm

Submitted by:

ashish mishra

भाजपाईयों ने पुलिस पर कांग्रेस का एजेंट बनकर काम करने का आरोप भी लगाया।

patrika

भाजपा प्रत्याशी बंटी साहू सहित 20 भाजपाई गिरफ्तार, कोर्ट से मिली जमानत

छिंदवाड़ा. कोतवाली पुलिस ने 21 दिन बाद मंगलवार को आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में छिंदवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी बंटी साहू सहित 20 भाजपाईयों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी को जमानत मिल गई। भाजपाईयों का आरोप है कि पुलिस ने बिना नोटिस दिए यह कार्रवाई की। कोतवाली बुलाकर हमें गिरफ्तार कर लिया गया। भाजपाईयों ने पुलिस पर कांग्रेस का एजेंट बनकर काम करने का आरोप भी लगाया। दरअसल जिन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था उनमें अधिकतर भाजपा के पोलिंग बूथ एजेंट हैं। भाजपाइयों का कहना था 21 दिन पहले के मामले को लेकर पुलिस ने मतगणना से दो दिन पूर्व कांग्रेस के इशारे पर यह कार्रवाई की है। गिरफ्तारी में विवेक बंटी साहू, धर्मेन्द्र मिगलानी, अंकुर शुक्ला, राजू नरोटे, योगेश सदारंग, अरविंद राजपूत, नरेन्द्र जैन, चीकू पाल, राम सोनी, राजा राजपूत, बंटी राय, राकेश पहाड़े सहित अन्य भाजपाई शामिल रहे।
31 अप्रैल की रात दिया था कोतवाली में धरना
31 अप्रैल 2019 की रात विवेक बंटी साहू भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस हिरासत में लिए गए भाजपा कार्यकर्ता राजपाल चौक निवासी बबलू पराते को छुड़ाने कोतवाली थाना में धरने पर बैठे थे। पुलिस ने कागजी कार्रवाई के बाद लगभग रात डेढ़ बजे आरोपी युवक को छोड़ दिया। इस मामले को लेकर ही पुलिस ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं पर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया था।
अपराधिक नहीं राजनीतिक कैदी हैं हम
न्यायालय जाने से कोतवाली में भाजपाइयों और पुलिस के बीच लगभग एक घंटे तक झड़प भी हुई। दरअसल पुलिस बस में भाजपाई न्यायालय नहीं जाना चाहते थे। उनका कहना था कि हम राजनीतिक कैदी हैं अपराधिक नहीं। हम सभी लोग पैदल ही न्यायालय जाएंगे। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सभी आरोपियों को बस में बैठाया।

सूचना दे दी गई थी
31 अप्रैल की रात कोतवाली में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर 20 लोगों पर कार्रवाई की गई। मंगलवार को सभी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया। सभी को सूचना भेजी गई थी। जिसके बाद उन्होंने स्वयं कोतवाली में आकर गिरफ्तारी दी।
सियाराम सिंह गुर्जर, टीआई, कोतवाली

ट्रेंडिंग वीडियो