scriptPOLITICS: कांग्रेस ने किया जुबानी हमला, कहा दुल्हन बनकर बैठी रही भांजियां | POLITICS: Congress did verbal attack | Patrika News

POLITICS: कांग्रेस ने किया जुबानी हमला, कहा दुल्हन बनकर बैठी रही भांजियां

locationछिंदवाड़ाPublished: Jun 26, 2022 02:25:15 pm

Submitted by:

ashish mishra

शनिवार को कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए।

POLITICS: कांग्रेस ने किया जुबानी हमला, कहा दुल्हन बनकर बैठी रही भांजियां

POLITICS: कांग्रेस ने किया जुबानी हमला, कहा दुल्हन बनकर बैठी रही भांजियां


छिंदवाड़ा. भाजपा को अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं रह गया है। इसलिए उन्होंने महापौर की टिकट किसी और को दे दी। छिंदवाड़ा में खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा है। नगर निगम के कर्मचारी पोस्टर लगाकर मुख्यमंत्री का स्वागत कर रहे हैं, शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वार्ड मोहर्रिर के हाथों से पर्ची बंटवाई जा रही है। ऐसे ही कई गंभीर आरोप शनिवार को कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए। राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को आरोपित करते हुए कहा कि छिंदवाड़ा जिले के विकास के लिए बनाई गई योजनाओं को शिवराज सिंह चौहान ने जानबूझकर निरस्त किया है। भाजपा ने अपने षड्यंत्रकारी नीतियों से कांग्रेस की सरकार गिराई और साथ ही शिवराज सिंह चौहान ने बढ़ते छिंदवाड़ा के साथ सौतेला व्यवहार कर यहां की सभी विकास योजनाओं को न केवल ठंडे बस्ते में डाल दिया बल्कि कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को निरस्त भी कर दिया है। इतना ही नहीं विगत माह छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भाजीपानी कला की 51 भांजियां दुल्हन बनकर अपने घर में ही बैठी रह गई, लेकिन शिवराज मामा ने उनके आंसुओं की चिंता नहीं की। बस मंचों पर यह दोहराते रहे मेरी बहनों, मेरी भांजियों तुम्हारा मामा अभी जिन्दा है। कांग्रेस के पदाधिकारियों का कहना था कि भाजपा के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का यह इमोशनल अत्याचार अब जिले व प्रदेश की जनता समझ चुकी है। प्रेस कान्फ्रेंस में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान केवल घोषणाएं ही करते हैं। उन्हें अगर शहीद के सम्मान की इतनी ही चिंता रही होती तो वे पहले शहीद के घर पहुंचते फिर सभा को सम्बोधित करते। शहीद के परिजनों के लिए कोई घोषणा नहीं की गई। प्रेस कान्फ्रेंस को प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, नगरीय निकाय चुनाव के प्रभारी नरेश शराफ ने भी संबोधित किया। कहा कि शिवराज सिंह चौहान को आज विकास करने की याद आ रही है। विगत सालों में उन्होंने कभी छिंदवाड़ा के विकास पर ध्यान नहीं दिया।

भाजपा सरकार ने हर योजना अटका दी
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय में एक ऐसे सुपर स्पेशलिटी मेडिकल कॉलेज की स्थापना का संकल्प लिया था, जिसमें उपचार हेतु न केवल छिंदवाड़ा बल्कि अन्य जिले व अन्य प्रदेशों के मरीज उपचार हेतु छिंदवाड़ा आते, लेकिन भाजपा ने अपनी दोगली नीतियों के चलते 12 सौ 50 बिस्तर वाले इस मेडिकल कॉलेज को लगभग आधा कर दिया है। 14 सौ 55 करोड़ 33 लाख रुपयों से निर्मित होने वाला यह मेडिकल कॉलेज अब मात्र 6 सौ 65 करोड़ की लागत से निर्मित होगा। इस अस्पताल में न तो हृदय रोगियों का उपचार हो सकेगा और न ही कैंसर से सम्बंधित मरीज इलाज पा सकेंगे। इसके अलावा बजट न मिलने से छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय का भवन नहीं बन पा रहा है। हार्टिकल्चर कॉलेज के लिए 150 हेक्टेयर जमीन के साथ 146 करोड़ की मंजूरी दी, लेकिन भाजपा ने अधर में अटका दिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो