scriptबहना ने भाई के कलाई पर बांधा प्यार | raksha bandhan 2018 | Patrika News

बहना ने भाई के कलाई पर बांधा प्यार

locationछिंदवाड़ाPublished: Aug 27, 2018 12:17:53 pm

Submitted by:

ashish mishra

भाई-बहन के बीच प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व रविवार को धूमधाम से मनाया गया।

patrika news

बहना ने भाई के कलाई पर बांधा प्यार


छिंदवाड़ा. भाई-बहन के बीच प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व रविवार को धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। वहीं भाई ने बहनों की रक्षा का वचन दिया। शहर में सुबह से ही पर्व को लेकर हर्षोल्लास का माहौल दिखा। इस बार भद्रा का साया न होने से पर्व की खुशियां दोगुनी हो गईं। सुबह से ही चहलकदमी रही। कहीं बहनें भाई के घर पहुंची तो कहीं भाई बहनों के घर। वहीं बाजार में भी मिठाई, कपड़ों एवं उपहारों की दुकानों में भीड़ दिखी। राखी की दुकानों में भी लोग खरीदारी करते नजर आए। जिला जेल में बहनें भाइयों को राखी बांधने पहुंची। यहां का माहौल देखते ही बना। बहनों के प्यार को देखकर भाइयों के आंसु छलक उठे। जिसे देखकर बहनें भी अपने आंसू रोक न सकी। जिला जेल में पर्व को लेकर प्रबंधन ने विशेष तैयारी कर रखी थी। पर्व को लेकर बच्चों में सबसे अधिक उत्साह देखा गया। रंग-बिरंगी एवं कार्टून वाली राखियां उन्हें खूब भाई। कई बच्चे मनपसंद राखी बंधवाने की जिद भी करते दिखे।
दिन भर सोशल साइट्स पर चला बधाइयों का सिलसिला
रक्षाबंधन के दिन सोशल साइट्स पर भी सुबह से बधाई देने का सिलसिला चला। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर इस पर्व की खुशियां बांटी।
भोले को अर्पित किए रक्षा सूत्र, मंदिर में विशेष पूजन
सावन माह के समापन पर शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा। मंदिरों में भोले बाबा का विशेष शृंगार किया गया। ब्रह्म मुहूर्त में ही भक्तों ने भोले का अभिषेक किया। जगह-जगह विविध अनुष्ठान किए गए। संकट मोचन हनुमान मंदिर नरसिंहपुर रोड पर भोले का अभिषेक किया गया। इसी के साथ यहां ११ करोड़ राम नाम जाप का समापन भी हुआ। वहीं अनगढ़ हनुमान मंदिर में सुबह बारह ज्योर्तिलिंग का अभिषेक किया गया। रविवार को छोटी बाजार स्थित राम मंदिर में प्राचीन पंचमुखी शिवलिंग का सहस्त्रधाराओं से अभिषेक किया गया। हवन-पूजन के साथ समापन हुआ। मंदिरों में भक्तों ने पूजन हवन के साथ ही रक्षाबंधन पर भगवान को रक्षा सूत्र भी अर्पित किए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो