script

भोले के जयकारों से गूंजयमान हुए शिवालय

locationछिंदवाड़ाPublished: Aug 13, 2019 12:02:38 pm

Submitted by:

ashish mishra

सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में आस्था उमड़ी।

patrika

भोले के जयकारों से गूंजयमान हुए शिवालय

छिंदवाड़ा. सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में आस्था उमड़ी। पूरे दिन भोले के जयकारों से मंदिर गूंजयमान हुए। आखिरी सोमवार पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता शिव मंदिरों में लगा। हर कोई भोले बाबा के ध्यान में लीन दिखा। शिवालयों में भगवान की विशेष पूजा, अभिषेक और श्रृंगार किया गया। शहर के कई मंदिरों में सोमवार के आयोजन की खास तैयारियां की गई थी। आखिरी सोमवार के दिन महादेव का रुद्राभिषेक करने के बाद फूल पत्तियों के साथ उनका आकर्षक श्रृंगार किया गया। ब्रह्म मुहूर्त में पूजन शुरू हुए जो दिन भर चले। कई मंदिरों के साथ सार्वजनिक रूप से मंडलों तथा घरों में भी पूजन, हवन के पश्चात भंडारे का आयोजन हुआ। अनगढ़ हनुमान मंदिर में 12 शिवलिंगों का अभिषेक किया गया। वहीं छोटी बाजार स्थित राम मंदिर में पंचमुखी शिवलिंग का सहस्त्रधाराओं से अभिषेक हुआ। मंदिर में हर सप्ताह की तरह इस बार भगवान पशुपतिनाथ की झांकी सजाई जाएगी। यहां सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ रही। लोगों ने पूजन के पश्चात भगवान पशुपतिनाथ का दर्शन किया। टाउन हाल स्थित शिव मंदिर में खास आयोजन हुआ। इसके अलावा बसंत कालोनी स्थित शिव मंदिर, कालीबाड़ी में काली मंदिर के सामने स्थित शिव मंदिर, कलेक्ट्रेट के सामने स्थित शिव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में विशेष पूजन के साथ कार्यक्रम आयोजित हुए।
महाकाल का विशेष श्रृंगार
महाकाल मोक्षधाम समिति द्वारा सावन के आखिरी सोमवार पर मोक्षधाम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां विशेष साज-सज्जा की गई। महिला समिति द्वारा अखंड रामायण पाठ किया गया। वहीं समिति ने महाकाल का विशेष श्रृंगार एवं अभिषेक किया।
दो लाख बेलपत्र से हुआ शिव अभिषेक
सावन पर्व की समाप्ति पर जिला अस्पताल के सामने पशु चिकित्सा कार्यालय परिसर में स्थित मंदिर में महादेव को दो लाख ग्यारह हजार तीन सौ तैतीस बेलपत्र से अभिषेक किया गया। रविवार की सुबह 11 बजे से यह अभिषेक शुरू हुआ था। जिसका समापन सोमवार को विशेष पूजन के साथ हुआ। पशु चिकित्सा विभाग और राज्य कर्मचारी संघ के साथ व्यापारी बंधुओं के द्वारा यह पूजन किया गया।
पातालेश्वर धाम में दर्शन करने लगी कतार
पातालेश्वर मंदिर में सावन के आखिरी सोमवार पर शिव के दर्शन करने भक्तों की कतार देखी गई। यहां समाजेसवी दिनेश अग्रवाल ने विशाल भंडारा का भी आयोजन किया।

ट्रेंडिंग वीडियो