scriptअफसर की मनमानी, दोपहर दो बजे इस कार्यालय में लग जाता है ताला | This office gets locked at two o'clock in the afternoon | Patrika News

अफसर की मनमानी, दोपहर दो बजे इस कार्यालय में लग जाता है ताला

locationछिंदवाड़ाPublished: Jan 08, 2022 06:40:05 pm

शुक्रवार को पशुपालकों ने जानकारी दी कि चिकित्सालय समय पूर्व बंद हो गया है यहां अक्सर ऐसा ही होता है। उसके बाद कुछ भाजपा नेता चिकित्सालय पहुंचे पर वहां ताला लगा मिला। मौके पर कोई भी मौजूद नहीं था।

animal Hospital

animal Hospital

छिंदवाड़ा/चौरई. यहां स्थित पशु चिकित्सालय में इन दिनों मनमानी का आलम चल रहा है। निर्धारित समय से पूर्व ही चिकित्सालय में ताला लगा दिया जाता है जिससे यहां आने वाले पशुपालकों को खाली लौटना पड़ता है। चौरई मुख्यालय में ऐसे हाल हैं तो ग्रामीण अंचल में क्या होगा इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
शुक्रवार को पशुपालकों ने जानकारी दी कि चिकित्सालय समय पूर्व बंद हो गया है यहां अक्सर ऐसा ही होता है। उसके बाद कुछ भाजपा नेता चिकित्सालय पहुंचे पर वहां ताला लगा मिला। मौके पर कोई भी मौजूद नहीं था। भाजपा के मंडल महामंत्री धर्मेन्द्र रघुवंशी ने बताया कि शुक्रवार को जानकारी मिलने पर वे अपने साथियों के साथ चौरई पशु चिकित्सालय पहुंचे तो वहां ताला लगा था। यहां पदस्थ डॉ आरएस सिंह लम्बे समय से चौरई में कार्यरत हैं। डॉ. सिंह पशुपालकों को 10 से 2 बजे तक आने को कहते हैं जबकि शासन से निर्धारित समय सुबह 9 बजे से 4 बजे तक है। 2 बजे के बाद यहां सिर्फ ताला लगा मिलता है।
यहां दैनिक वेतन भोगी भृत्य है पर वो भी अपनी मर्जी से काम करते हैं। ऐसे में सरकार की व्यवस्थाओं पर सवालिया निशान लगा रहे हैं। इस मामले पर भाजपा नेताओं ने चौरई एसडीएम का फोन नहीं लगने पर नायब तहसीलदार गीता राहंगडाले से शिकायत की और डॉ. सिंह की कार्यशैली में सुधार के साथ कार्रवाई की मांग रखी। जिस पर नायब तहसीलदार ने एसडीएम को मामले की जानकारी देने और जांच कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मामले पर भाजपा नेताओं ने प्रभारी मंत्री और विभागीय मंत्री से शिकायत करने की बात कही है।
छिंदवाड़ा से करते हैं अपडाउन
डॉ. सिंह को चौरई की ब्लॉक कॉलोनी में मकान भी आवंटित किया गया है पर वे छिंदवाड़ा से रोज अप डाउन करते हैं यहीं कारण है कि रोज 10 बजे के बाद आते हैं और 2 बजे के बाद विभागीय कार्य या दौरा बताकर छिंदवाड़ा चले जाते हैं दूसरी ओर पशुपालक और किसान परेशान होते रहते हैं लोगों की मांग है जिला प्रशासन को ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए जिससे मनमानी पर अंकुश लग सके।
लापरवाही चल रही है तो कार्रवाई की जाएगी
दोपहर 3.30 बजे डॉ. आरएस सिंह से बात करने पर उन्होंने बताया कि वो विभागीय बैठक के लिए छिंदवाड़ा आए हैं। शायद चिकित्सालय खुला होगा। वहीं इस बारे में उपसंचालक पशु चिकित्सा डॉ. पक्षवार से बात करने पर उन्होंने बताया कि आज कोई विभागीय बैठक नहीं है। सिर्फ टीकाकरण को लेकर प्रभारियों को बुलाया जाता पर चिकित्सालय का समय पूर्ण होने के बाद उन्हें आने के निर्देश दिए हैं। चौरई में अगर लापरवाही चल रही है तो कार्रवाई की जाएगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो