छिंदवाड़ा. बढ़ती हुई महंगाई के खिलाफ बुधवार को ईएलसी पर शहर महिला कांग्रेस ने केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार का पुतला फूंका और केन्द्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस मौके पर पहुंची किन्तु महिलाओं के हाथों से पुतला छीनकर बुझा नहीं पाई।
पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सहित अन्य खाद्य पदार्थों में दिन पर दिन महंगाई छा रही है। बढ़ती महंगाई की वजह से गृहणियों के रसोई का बजट बिगड़ रहा और घर चलाना मुश्किल हो रहा। शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सागर ब्यौत्रा के नेतृत्व में शहर कांग्रेस की महिलाओं ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ईएलसी में पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की दिन रात बढ़ती कीमतों से दैनिक उपयोग-उपभोग की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं एवं घरेलू महिलाओं का बजट बिगड़ता जा रहा है ऐसी स्थिति में आम आदमी का जीना दूभर हो रहा है। तत्काल पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाई जाए। पुतला दहन के दौरान मुख्य रूप से सागर ब्यौत्रा, कार्यवाहक अध्यक्ष दीपा यादव, संध्या साबले, अर्चना वांदरे, गौरी चक्रवर्ती, रोशनी श्रीवास, रानी साहू, रामवती परतेती, मूर्ती सिंग, अर्चना, प्रेमा, नीलम, दुर्गेश फौजिया खान, सहित अन्य महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।