scriptधर्म की राजनीति करती है भाजपा, जुमलों की सरकार है इनकी: नरेश उत्तम | BJP doing religion politics its a proverbs government - Naresh Uttam | Patrika News

धर्म की राजनीति करती है भाजपा, जुमलों की सरकार है इनकी: नरेश उत्तम

locationचित्रकूटPublished: Jan 21, 2018 07:33:05 pm

Submitted by:

Ashish Pandey

अयोध्या राम मंदिर मुद्दे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के लिए यह सिर्फ चुनावी मुद्दा है उसे मंदिर निर्माण से कोई मतलब ही नहीं है।

BJP doing religion politics

BJP doing religion politics

Chitrakoot. समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने सत्तासीन भाजपा पर जमकर हमला बोलते हुए यूपी सरकार को जुमलों की सरकार करार दिया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सिर्फ धर्म की राजनीति करती है और उसे बुनियादी समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। चित्रकूट दौरे पर आए प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए जुट जाने का निर्देश दिया। अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को आपसी गुटबाजी से दूर रहकर संगठन हित में कार्य करने का गुरुमन्त्र भी दिया। भगवान कामतानाथ पर्वत की परिक्रमा करते हुए पार्टी पदाधिकारियों से गुफ्तगू करते हुए लोकसभा चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा भी की।

राम मंदिर भाजपा के लिए सिर्फ चुनावी मुद्दा है

सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार और पार्टी पर जमकर हमला बोला। जनपद दौरे पर आए सपा नरेश उत्तम ने कहा कि जनहित के कार्यों से इस सरकार को कोई सरोकार नहीं, बेरोजगारी महंगाई अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं लेकिन भाजपा सरकार धर्म की राजनीति करने पर उतारू है। अयोध्या राम मंदिर मुद्दे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के लिए यह सिर्फ चुनावी मुद्दा है उसे मंदिर निर्माण से कोई मतलब ही नहीं है। चुनाव में इस मुद्दे को भाजपा भुनाने के लिए हो हल्ला मचाती है।

यूपीकोका कानून जनता के हित में नहीं है

सपा अध्यक्ष ने रोजगार के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि सत्ता पाने के लिए युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार देने के सपने दिखलाए गए थे लेकिन वर्तमान में रोजगार की हालत क्या है ये सभी जान गए हैं। पूरी तरह विफल रही है केंद्र और प्रदेश सरकार इस मुद्दे पर. जनविरोधी सरकार है भाजपा की। प्रदेश सरकार द्वारा यूपीकोका लागू करने के सवाल पर कहा कि ये कानून जनता के हित में नहीं है और सपा इसका विरोध करती आ रही है शुरू से ही। नरेश उत्तम ने हर मोर्चे पर भाजपा सरकार को विफल करार देते हुए मोदी और योगी सरकार को जनविरोधी किसान विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि आज किसानों की दशा क्या है इस सरकार में ये भी किसी से छिपा नहीं। आलू सड़कों पर फेंकने के लिए मजबूर हो रहे हैं किसान। अपराधों का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है।

कार्यकर्ताओं से गुटबाजी में न फंसने की अपील की

सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों को अभी से 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए जुट जाने का निर्देश दिया। संगठन हित में कार्य करने का आह्वाहन करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से गुटबाजी में न फंसने की अपील की। पदाधिकारियों के साथ भगवान कामतानाथ पर्वत की परिक्रमा लगाते हुए सपा अध्यक्ष ने संगठनात्मक हालातों का जायजा भी लिया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो