जानकारी के मुताबिक जनपद के कर्वी कोतवाली क्षेत्र की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के नया गांव थाना क्षेत्र के राजौला गांव की 15 वर्षीय किशोरी राधा को उसका ममेरा भाई(मामा का लड़का) अशोक(निवासी पहाड़ी थाना क्षेत्र) चित्रकूट(यूपी) विगत 8 मार्च को अपने चाचा की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए उसे(राधा) अपने घर ले आया। शादी के बाद राधा अशोक के घर से पहाड़ी थाना क्षेत्र में ही स्थित अपनी मौसी के घर चली गई।
दोनों हो गए लापता
जानकारी के मुताबिक विगत 24 अप्रैल को राधा को उसके गांव राजौला छोड़ने की बात कहकर अशोक उसे(राधा) अपने साथ ले गया लेकिन न तो राधा अपने घर पहुंची और न ही उसके ममेरे भाई अशोक का कुछ पता चला।
इधर राधा व अशोक का कुछ पता न चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। चित्रकूट पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी कि इसी दौरान पड़ोसी जनपद कौशाम्बी की पुलिस को जनपद के सीमावर्ती महेवा घाट स्थित यमुना नदी में एक किशोरी की लाश बरामद हुई। शव की शिनाख़्त राधा के रूप में हुई। मामले की तफ़्तीश में जुटी चित्रकूट पुलिस ने शक के घेरे में आए मृतक के ममेरे भाई अशोक को दबोच लिया और उससे कड़ाई से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान अशोक ने खुलासा किया कि राधा को उसने ही यमुना पुल से फेंककर मौत के घाट उतार दिया था। जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस ने हत्यारोपी को जेल भेज दिया।
चल रहा था प्रेम प्रसंग
इस पूरे मामले की तफ़्तीश कर रही पहाड़ी थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक अशोक व मृतक किशोरी के बीच प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। आरोपी किशोरी की जिंदगी में एक अन्य लड़के के दखल को सहन नहीं कर पाया और उसकी हत्या कर दी।