किसने पढ़ाया कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का पाठ
भाजपा की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का पाठ पढाया गया।

चित्तौडग़ढ़.ओछड़ी के निकट एक रिसोर्ट में हुई भाजपा की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का पाठ पढाया गया। केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं। अपने पूरे भाषण को उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर केन्द्रित रखा। राज्य में हर चुनाव में सत्ता बदलाव के ट्रेण्ड का सीधा जिक्र किए बिन उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता इतिहास बदलना जानता है। संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संगठन और पार्टी को मजबूत बनाएं। छोटे-मोटे मतभेद को भुलाकर चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। पार्टी की नींव कार्यकर्ता होते हैं। चुनाव को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी एक की नहीं बल्कि सबकी पार्टी है।उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य का रोड मैप तैयार किया जाए। स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी एवं सांसद सी पी जोशी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचा है। भाजपा मीडिया विभाग के जिला प्रमुख सुधीर जैन ने बताया कि शेखावत व चन्द्रशेखर ने सभी जिला एवं मंडल तथा मोर्चा पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार द्वारा किए गए जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताना ही कार्यकर्ता का लक्ष्य है। शेखावत ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में नव मतदाता अभिनंदन एवं विजयाराजे सिंधिया की स्मृति में नारी शक्ति सम्मेलन आयोजन पर चर्चा की। मंच पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भगवतीदेवी झाला,प्रदेश मंत्री अशोक चंडालिया,जिला प्रभारी ताराचंद जैन,विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, अर्जुनलाल जीनगर,गौतम दक, सुरेश धाकड़,जिला अध्यक्ष रतनलाल गाडरी मौजूद थे। संचालन जिला महामंत्री देवीसिंह राणावत ने किया। बैठक में पूर्व मंत्री चुन्नीलाल धाकड़,पूर्व विधायक छगन लाल शिशोदिया, पूर्व विधायक अशोक नवलखा,बद्रीलाल जाट,जिला प्रमुख लीला जाट, प्रधान,चेयरमैन,मंडल अध्यक्ष, मोर्चों प्रकोष्ठों,प्रकल्पों,विभागों के अध्यक्ष,जिला पदाधिकारी आदि शामिल रहे।
...........................
निम्बाहेड़ा को छोड़ हर क्षेत्र से हुई दावेदारियां
केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत व भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री चन्द्रशेखर के समक्ष टिकट को लेकर बंद कमरे में दावेदारियां जताई गई। निम्बाहेड़ा को छोड़कर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से दावेदारियां सामने आने की चर्चा रही। सूत्रों के अनुसार चित्तौडग़ढ़ विधानसभा क्षेत्र से युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धनसिंह रूद, रणजीतसिंह भाटी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा व्यास ने दावेदारी जताई। कपासन विधानसभा क्षेत्र के लिए रमेश बोरिवाल, बाबूलाल खटीक, ताराचंद मेघवाल, विश्वनाथ टांक, बंशीलाला ढोली, बेगूं विधानसभा क्षेत्र से चुन्नीलाल धाकड़ व तारावती धाकड़, बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रधान गणपतसिंह, ललित ओस्तवाल, शंभूलाल मेनारिया, हेमंत डांगी ने अपने बायोडाटा सौंपते हुए दावेदारी जताई।
...................
शेखावत का किया स्वागत
बेगंू. केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत एवं भजपा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर के कोटा से चित्तौड की और जाने के दौरान कार्यकर्ताओं ने खेरपुरा के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनका स्वागत किया। उनका पूर्व मंत्री चुन्नीलाल धाकड, कमलेन्द्रसिंह हाडा, तारादेवी धाकड, लीलाशंकर धाकड, पूर्वप्रधान मांगीलाल, नवीन बाबेल, भगवतीलाल जैन आदि ने स्वागत किया। विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने स्थानीय व्यक्ति को उम्मीदवार बनाने की मांग की।
अब पाइए अपने शहर ( Chittorgarh News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज