scriptतारानगर में नहीं थम रहा चोरियों का सिलसिला, आक्रोशित लोगों ने उठाया यह कदम, पुलिस भी हो गई परेशान | Demonstration in Taranagar against theft | Patrika News

तारानगर में नहीं थम रहा चोरियों का सिलसिला, आक्रोशित लोगों ने उठाया यह कदम, पुलिस भी हो गई परेशान

locationचुरूPublished: Jun 07, 2017 10:39:00 pm

Submitted by:

Rakesh gotam

कस्बे में लगातार हो रही चोरी के विरोध में लोगों ने बुधवार दोपहर 12 बजे करीब पौने घंटे तक पुलिस थाने में विरोध-प्रदर्शन किया।

taranagar

कस्बे में लगातार हो रही चोरी के विरोध में लोगों ने बुधवार दोपहर 12 बजे करीब पौने घंटे तक पुलिस थाने में विरोध-प्रदर्शन किया। दिनों-दिन हो रही चोरियों से आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए और थाने में प्रदर्शन कर धरना देकर बैठ गए। पुलिस की कार्यशैली पर असंतोष जताते लोगों ने कहा कि कस्बे में एक महीने से लगातार चोरियां होने से लोग भयभीत हैं। लोग रात भर जागकर घरों व मोहल्लों में पहरेदारी करते हैं। मगर चोर दिन-दहाड़े घरों में चोरियां कर रहे हैं। कस्बे में अब तक 15 से अधिक चोरियां हो चुकी है। पुलिस की नाकामी के कारण चोरों के हौंसले बुलंद हैं।

बढ़ते जन आक्रोश को देखते हुए थाने में उपस्थित राजगढ़ पुलिस उप अधीक्षक सुरेशचन्द्र ने लोगों को समझाकर शांत करने की कोशिश की। मगर लोग चोरों की गिरफ्तारी व चोरियों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर अड़े रहे। पुलिस उप अधीक्षक ने बताया कि चोरी के मामले में अब तक दो जनों को गिरफ्तार किया जा चुका है।जिन्होंने कस्बे में अनेक चोरियां करना स्वीकार किया है। शेष चोरों की भी पुलिस तलाश कर रही है शीघ्र ही अन्य चोरों को गिरफ्तार कर उनसे माल बरामद किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने, सायरन लगी गाडिय़ों से गश्त करने व अतिशीघ्र चोरियों का खुलासा करने का आश्वासन दिया।जिस पर लोगों ने धरना-प्रदर्शन खत्म कर दिया।

प्रदर्शन करने वालों में हरिसिंह बेनीवाल, मुकेश फगेडिय़ा, सज्जन स्वामी, गोविंद शर्मा, बुलाकीदास व्यास, महेश भामू, विनोद पिलानिया व अकबर आदि शामिल थे। इसके अलावा भाजपा के राकेश जांगिड़, संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष इमीलाल प्रजापत, धर्मवीर राठौड़ व थानाराम सैनी आदि ने पुलिस उप अधीक्षक सुरेशचंद्र से मिलकर चोरियों पर अंकुश लगाने व चोरों को गिरफ्तार कर माल बरामद करने की मांग की।


बंद मकान से सोने के जेवरात व नकदी चोरी

कस्बे के वार्ड एक में मंगलवार रात चोर एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए कीमत के सोने के जेवरात, चांदी के सिक्के व नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस के मुताबिक वार्ड एक निवासी महेश कुमार जाट मंगलवार सुबह अपने क्लीनिक पर गया था। घर के सदस्य मकान के ताला लगाकर बाहर गए हुए थे। रात करीब सवा नौ बजे जब महेश क्लीनिक से वापस लौटा तो मकान के ताले टूटे हुए मिले। अंदर कमरों के ताले टूटे हुए और सामान बिखरा पड़ा मिला। चोर कमरे के बैड का लॉकर तोड़कर लाखों रुपए के सोने के जेवरात, चांदी के सिक्के सहित 23 सौ रुपए नकद चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो