script

बकरियां चराने गए थे जंगल में.. जोहड़ में नहाते समय डूब गए तीन भाई

locationचुरूPublished: Jul 06, 2022 07:17:03 pm

Submitted by:

Vijay Vijay

जोहड़ में नहाने गए तीन भाइयों डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कानाराम मेघवाल (22) गोपाल (15) दोनों सगे भाई व चचेरा भाई छोटूराम मेघवाल (15) बुधवार सुबह घर से बकरियां चराने गए थे।

churu.jpg

चूरू (बीदासर). गांव ढढैरू गोदारान के किल्डाली जोहड़ में बुधवार को जोहड़ में नहाने गए तीन भाइयों डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कानाराम मेघवाल (22) गोपाल (15) दोनों सगे भाई व चचेरा भाई छोटूराम मेघवाल (15) बुधवार सुबह घर से बकरियां चराने गए थे। सुबह 10 बजे के बाद लबालब भरे जोहड़ में नहाने चले गए।

नहाते समय गहराई में जाने के कारण डूबने से तीनों की मौत हो गई। एक किशोर ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों को हादसे की जानकारी दी।

तहसीलदार द्वारका प्रसाद शर्मा, थानाधिकारी महेन्द्र कुमार चावला, विकास अधिकारी हंसराज मीणा, ग्राम पंचायत ढढैरू के सरपंच सुरेश खैरीया, ग्राम विकास अधिकारी गिरधारी लाल घटनास्थल पर पहुंचे। तैराक भंवरनाथ सिद्ध व विजय सिंह चौहान को बुलाकर रस्से के सहारे जोहड़ में उतारा। जोहड़ में करीब 20 फीट तक पानी भरा था। तीनों के शव गहराई तक चले गए थे। तैराक भंवरनाथ व विजय सिंह ने लगभग ढेड़ घण्टे के प्रयास के बाद तीनो भाइयों के शव जोहड़ से बाहर निकाले।

हालांकि चूरू से एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई थी, लेकिन उसके पहुंचने से तैराकों ने शव बाहर निकाल लिए थे। पुलिस ने मृतक कानाराम व गोपाल के पिता प्रभुराम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर तीनों के शवों को राजकीय सीएचसी पहुंचाया। वहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

गांव में छा गई शोक की लहर, मचा कोहराम
तीन भाइयों की अकाल मौत होने से गांव में शोक की लहर छा गई। मृतकों के घर में कोहराम मच गया। आसपास के मोहल्ले के लोग परिजनो को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचे। तीनो भाइयों की एक साथ अर्थी उठी तो सबकी आंखें नम हो गई। मोहल्ले में घरों में चूल्हे तक नहीं जले।

एक अन्य युवक ने नहाने से कर दिया था इनकार
जानकारी के अनुसार तालाब के पास ही गांव का एक अन्य युवक सुरेंद्र मेघवाल भी वहां पर बकरियां चरा रहा था। सुरेन्द्र ने बताया कि तीनों ने उसे भी तालाब में साथ नहाने के लिए कहा था, लेकिन उसने इनकार कर दिया था। कुछ देर बाद उसे बचाओ-बचाओ की आवाजें सुनाई दी। उसने जाकर देखा, तो 2 युवक डूब रहे थे और तीसरा उनको बचाने की कोशिश कर रहा था। इस पर वह दौड़कर पास बनी ढाणी में पहुंचा और अपने पिता और आस-पास के लोगों को इस घटना की जानकारी दी।

ट्रेंडिंग वीडियो