सुजानगढ़ विधानसभा उपचुनाव में शनिवार को हुए मतदान में इस बार भी महिलाओं का प्रतिशत पुरूषों के मुकाबले अधिक रहा।
चुरू•Apr 19, 2021 / 09:52 am•
Madhusudan Sharma
आधी आबादी मतदान में पुरुषों से आगे
सुजानगढ़ (ग्रामीण). सुजानगढ़ विधानसभा उपचुनाव में शनिवार को हुए मतदान में इस बार भी महिलाओं का प्रतिशत पुरूषों के मुकाबले अधिक रहा। इस बार जहां महिलाओं ने 58.61 प्रतिशत मतदान किया, वहीं पुरूषों ने 57.84 फीसदी वोट डाले।
एक वोट ट्रांसजेंडर का भी
एक वोट ट्रांसजेंडर मतदाता ने भी डाला। अगर वर्ष 2018 में हुए विधानसभा के मतदान की बात करें तो उसमें भी महिलाओं का प्रतिशत पुरूषों के मुकाबले अधिक था। जिसमें महिलाओं ने 73.5 फीसदी वोट डाले थे, वहीं पुरूषों ने 68.4 मतदान किया था। इस बार कुल 2 लाख 75 हजार 545 मतों में से 1 लाख 60 हजार 391 वोट डाले गए। जिसमें पुरुष मतदाताओं ने 83 हजार 128 व महिला मतदाताओं ने 77 हजार 262 वोट डाले। इस बार के मतदान का प्रतिशत 58.21 रहा जबकि 2018 में मतदान का प्रतिशत 70.68 था। सर्वाधिक मतदान गांव बंबू के बूथ संख्या 57 का रहा जहां 86.74 फीसदी मतदान हुआ। वहीं सबसे कम मतदान बीदासर के बूथ संख्या 87 का रहा जहां महज 22.51 प्रतिशत ही वोट पड़े। इसी प्रकार अगर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में हुए मतदान की तुलना करें तो दोनों ही जगहों पर महिलाएं आगे रहीं। शहरी क्षेत्र में महिलाओं का प्रतिशत 51.20 रहा, जबकि पुरूषों का 51.13 था। ग्रामीण क्षेत्र में पुरुषों का 61.71 था जबकि महिलाओं का प्रतिशत 62.92 रहा।
शहरी क्षेत्र में कुल मतदान
शहरी क्षेत्र में कुल 51 हजार 662 लोगों ने वोट डाले। जिसमें 26 हजार 740 पुरूषोंं ने व 24 हजार 921 महिलाओं ने वोट डाले।
ग्रामीण क्षेत्र में कुल मतदान
ग्रामीण क्षेत्र में कुल 1 लाख 8 हजार 729 लोगों ने मतदान किया। जिसमें 56 हजार 409 पुरूषों व 52 हजार 320 महिलाओं ने अपने वोट डाले।
शहरी क्षेत्र में मतदाता
1- शहरी क्षेत्र में कुल मतदाता 1 लाख 971
पुरुष मतदाता – 52 हजार 295
महिला मतदाता – 48 हजार 676
गांवों में मतदाता
2 – ग्रामीण क्षेत्र में कुल मतदाता – 1 लाख 74 हजार 573
पुरुष मतदाता – 91 हजार 416
महिला मतदाता – 83 हजार 156