मंडेलिया व पार्षद पति में बहस
पर्चा भरने के बाद पार्षद सरोज सैनी के पति नरेन्द्र सैनी व कांग्रेस नेता मंडेलिया के बीच में पर्चा दाखिल कार्यालय के बाहर बहस हो गई। दोनों ने एक-दूसरे पर शब्दों के तीखे प्रहार किए। ऐसे में एक बारगी माहौल गर्मा गया। बाद में दोनों पक्ष वहां से रवाना हो गए। कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों ने पार्षद पति से पर्चा उठाने का दबाव बनाया गया। पार्षद पति नरेन्द्र ने कहा कि पार्टी ने उनके प्रत्याशी का विश्वास तोड़ा है। घटनाक्रम के करीब आधा घंटे बाद सरोज सैनी वापस पहुंची व निर्दलीय सभापति के लिए ताल ठोकी, प्रस्तावक के तौर पर असलम हुसैन ने हस्ताक्षर किए हैं।
भाजपा का ओबीसी में सेंधमारी का प्रयास
इधर भाजपा ने भी सैनी समाज की महिला को सभापति का दावेदार घोषित किया है। कांग्रेस के सामने सैनी समाज का प्रत्याशी उतारकर ओबीसी के मतों में सेंध लगाने का प्रयास किया है। भाजपा का ये प्रयोग कितना सफल हो पाता है। ये आने वाला समय तय करेगा। इतना तय है कि सभापति की दावेदारी का मुकाबला रोचक होगा। भाजपा आखिरी तक जोड़-तोड़ के प्रयास में है।