चुरू

यहां ऐसा क्या हुआ कि उधार देना कर दिया बंद

ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विभाग व प्रशासन के हाकिमों की ढिलाई जिले के गांवों के विकास की राह में रोड़ा बन रही है।

चुरूJun 11, 2019 / 03:08 pm

Madhusudan Sharma

यहां ऐसा क्या हुआ कि उधार देना कर दिया बंद

चूरू. ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विभाग व प्रशासन के हाकिमों की ढिलाई जिले के गांवों के विकास की राह में रोड़ा बन रही है। गांवों में मनरेगा के तहत पहले किए कामों की निर्माण सामग्री के लिए स्वीकृत बजट की राशि अब तक पंचायतों के खातों में जमा नहीं होने से गांवों का विकास भी अटक कर रह गया है। गत आठ महीनों से जिले की सात पंचायत समितियों में करवाए गए विकास कार्यों के 62 करोड़ 91 लाख आठ हजार रुपए स्वीकृति के इंतजार में अटके पड़े हैं। टैक्स मिलाकर ये बकाया राशि 75 करोड़, 38 लाख 26 हजार रुपए है। सरपंचों को ईंट, बजरी, सीमेंट, ब्लॉक आदि उधार में दे चुके कारोबारी अब वसूली के लिए बार-बार तकादा कर रहे हंै। मगर सरकार बदलने के बाद ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विभाग की ओर से विकास कार्यों की राशि स्वीकृत नहीं किए जाने से सरपंच भी उधार चुकाने के लिए परेशान हैं।
अक्टूबर 2018 में हुआ अंतिम भुगतान
मनरेगा के तहत हुए विकास कार्यों की एवज में गत एक अक्टूबर 2018 को ग्राम पंचायतों के खातों में राशि का भुगतान किया गया था। उसके बाद अब आठ महीनों से एक रुपए का भी भुगतान नहीं हुआ है। ऐसे में गांवों के घरों में कुंड निर्माण, गलियों में सड़क-खुर्रे, श्मशान व कब्रिस्तानों की चारदीवारी का निर्माण करवा चुके सरंपचों के सामने निर्माण सामग्री की उधारी चुकाने क समस्या खड़ी हो गई है।
यहां इतने करोड़ रुपए बकाया

पंस राशि टैक्स कुल
बीदासर 385.81 31.12 436.55
चूरू 1307.45 39.04 1413.74
तारानगर 819.08 24.94 972.88
रतनगढ़ 694.45 10.07 918.26
राजगढ़ 1088.63 26.28 1442.08
सुजानगढ़ 747.66 29.15 868.87
सरदारशहर 1248 41.11 1485.88
कुल 6291.08 202.07 7538.26
(नोट: राशि पढ़ें करोड़ में)

&ग्राम पंचायत क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों पेटे करीब 70 लाख रुपए का भुगतान अब तक बाकी होने से काफी दिक्कत आ रही है। निर्माण सामग्री उधार देने वाले कारोबारी भी बार-बार फोन कर रुपए मांग रहे हैं। नए विकास कार्यों के प्रस्ताव भी अटक कर रह गए हैं।
मीनाक्षी कंवर, सरपंच , इंद्रपुरा

&चूरू पंचायत समिति क्षेत्र के 14 करोड़ 13 लाख 74 हजार रुपए बकाया है। अब काफी दिक्कत हो रही है। इस संबंध में कलक्टर व पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ को भी अवगत करवा चुके हैं। नए विकास कार्य भी स्वीकृत नहीं हो रहे हैं।
ज्योति कंवर, प्रधान, पंचायत समिति, चूरू

&पहले आचार संहिता के कारण बजट रिलीज नहीं हो रहा था। अब संभवतया जल्दी ही खातों में राशि पहुंच जाएगी। बाकी सारा काम ऑनलाइन होता है।
देवाराम सुथार, सीईओ, जिला परिषद, चूरू

Home / Churu / यहां ऐसा क्या हुआ कि उधार देना कर दिया बंद

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.