चूरू. सादुलपुर शहर के वार्ड 11 में गोशाला मोक्ष भूमि मुख्य मार्ग पर स्थित गंदे पानी का नाला जानलेवा बन चुका है। इसके बावजूद भी नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा। गंदे पानी और बारिश के पानी की निकासी के लिए यह नाला वर्षों पूर्व नगर पालिका द्वारा बनवाया गया था। करीब 3 फुट चौड़ा वह 5-6 फिट गहरा नाला खुला पड़ा रहता है। इस नाले में कई बार गोवंश गिरकर तड़प तड़प कर जान गवां चुके हैं। शनिवार की शाम को हिना गर्व नामक एक किशोरी की जान जाते-जाते बची। अपने घर जा रही इस किशोरी का पांव फिसल गया और वह कीचड़ में समा गई। उसका एक हाथ बाहर रह गया उसे देख कर वहां से जा रहे युवक दुष्यंत शर्मा ने मदद के लिए लोगों को एकत्रित किया किशोरी कीचड़ में डूब चुकी थी। दुष्यंत ने साहस कर अन्य लोगों की मदद से बालिका को बाहर निकाला। कीचड़ में सनी किशोरी को संभाला। भैंसली वाले अनिल अग्रवाल की बेटी हिना को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। बालिका के माता सुनीता ने बताया कि वह इस समस्या को लेकर नगर पालिका में बार बार जाकर गुहार कर चुकी है। इसके अलावा वार्ड पार्षद सलीम को भी उन्होंने अवगत करवाया। सलीम पिछले एक साल से इस नाले को ऊपर से बंद करवाने की बात कह रहे हैं मगर आज तक काम नहीं हुआ है।