कोयंबटूर

शरारती तत्वों ने की मदरसे में तोडफ़ोड़

कोवर्ई पुदुर इलाके के अरिवोली नगर में मंगलवार रात कुछशरारती तत्वों ने एक मदरसे में घुस कर तोड़ फोड़ की और भाग गए। मदरसा पिछले दो माह से बंद है और मस्जिद से सटा हुआ है।

कोयंबटूरJun 04, 2020 / 01:19 pm

brajesh tiwari

कोयम्बत्तूर. कोवर्ई पुदुर इलाके के अरिवोली नगर में मंगलवार रात कुछशरारती तत्वों ने एक मदरसे में घुस कर तोड़ फोड़ की और भाग गए। मदरसा पिछले दो माह से बंद है और मस्जिद से सटा हुआ है। घटना का पता बुधवार सुबह लगा तो लोगों ने पुलिस को खबर की और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मदुक्करै पुलिस की टीम और शहर की सभी जमातों के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बताया कि शरारती तत्वों ने पंखे , फर्नीचर तोड़ दिए। पवित्र कुरान को फाड़ डाला। पुलिस ने मौका मुआयना किया व जल्द ही आरोपियों को पकडऩे का भरोसा दिया। जमातों के पदाधिकाारियों ने लोगों से घटना को सांप्रदायिक रंग नहीं देने और शांत रहने का आग्रह किया। पॉपुलर फ्रंट ऑफइंडिया के जिला अध्यक्ष अब्दुल हकीम ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से सख्ती बरतने की अपील की। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई गई है। बड़े पैमाने पर पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले शुक्रवार को सुलिवन स्ट्रीट स्थित भगवान वेणुगोपाल कृष्णस्वामी और भगवान राघवेंद्र के मंदिरों के दरवाजे पर अज्ञात शख्स ने मांस के टुकड़े डाल दिए थे। घटना से इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। हालांकि पुलिस की समझाइश पर लोग शांत हो गए। अगले ही दिन पुलिस ने आरोपी कवनुंडमपालयम निवासी एस हरि रामप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।

Home / Coimbatore / शरारती तत्वों ने की मदरसे में तोडफ़ोड़

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.