scriptटीम इंडिया की चयन समिति में होगा बदलाव, पाटिल की जगह लेंगे अमरनाथ! | BCCI selection panel set for major change, Amarnath May take over | Patrika News

टीम इंडिया की चयन समिति में होगा बदलाव, पाटिल की जगह लेंगे अमरनाथ!

Published: Nov 06, 2015 11:06:00 am

टी-20 विश्वकप से चार माह पूर्व होने वाली बैठक में एक नहीं बल्कि पांच राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को बदले जाने की संभावना है।

Sandeep Patil

Sandeep Patil

मुम्बई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की अगले सप्ताह होने वाली वार्षिक आम सभा बैठक में चयन समिति में बड़ा बदलाव होने की संभावना है और मुख्य चयनकर्ता संदीप पाटिल की छुट्टी हो सकती है। भारत में 2016 में आयोजित होने वाले टी-20 विश्वकप से चार माह पूर्व होने वाली बैठक में एक नहीं बल्कि पांच राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को बदले जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, सबा करीम (पूर्व), राजिन्दर सिंह हंस (मध्य) और रोजर बिन्नी (दक्षिण) के दोबारा नहीं चुने जाने की संभावना है। चयन समिति के प्रमुख संदीप पाटिल (पश्चिम) का भाग्य भी सुनिश्चित नहीं है।

बीसीसीआई के नियमों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति चार वर्ष से अधिक चयनकत्र्ता के रूप में अपने पद पर नहीं रह सकता और आम सभा हर वर्ष चयन समिति नियुक्त करती है। एक सीनियर चयनकर्ता को मौजूदा समय में 70 लाख रूपए वार्षिक दिए जाते हैं। रोजर बिन्नी 1983 की विश्वकप विजेता टीम के सदस्य थे और उनके पुत्र स्टुअर्ट बिन्नी भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। इसे लेकर हितों के टकराव का मुद्दा बनता है और संभवत: इसी बात पर बोर्ड अध्यक्ष शशांक मनोहर की नजरें भी लगी हुई हैं।

मोहिन्दर अमरनाथ हो सकते हैं शामिल
मुख्य चयनकर्ता संदीप पाटिल की जगह मोहिन्दर अमरनाथ को चयन समिति में शामिल किया जा सकता है। अमरनाथ को 2010-11 में समिति में शामिल किया गया था, लेकिन उसके एक वर्ष बाद ही उन्हें चयन समिति से बाहर कर दिया गया था। अमरनाथ को उस समय भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी और बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ टिप्पणी करने के कारण चयन समिति से बाहर का रास्ता दिखाया गया था। विक्रम राठौड़ (उत्तर) की जगह अमरनाथ को चयन समिति में जगह मिल सकती है।

राठौड़ बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर के काफी नजदीकी माने जाते हैं लेकिन एक संभावना ऎसी भी है कि बीसीसीआई मोहिन्दर को पाटिल की जगह पश्चिम क्षेत्र के लिए नामित कर सकती है। अमरनाथ अपने प्रथम श्रेणी कॅरियर के आखिरी वर्षो में बड़ौदा की तरफ से भी खेले थे। अन्य तीन पदों के लिए दीपदास गुप्ता और देवांग गांधी (पूर्व), ज्ञानेंद्र पांडे और प्रीतम गंधे (मध्य) और वेंकटेश प्रसाद तथा डब्ल्यू वी रमन (दक्षिण) के नामों पर विचार किया जा सकता है। 
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो