scriptMS Dhoni Retirement पर बोले ग्लेन मैकग्रा, देश के लिए अभी उन्हें और खेलना चाहिए | Glenn McGrath Says Dhoni should Continue playing for India | Patrika News

MS Dhoni Retirement पर बोले ग्लेन मैकग्रा, देश के लिए अभी उन्हें और खेलना चाहिए

locationनई दिल्लीPublished: Jun 20, 2019 03:24:39 pm

Submitted by:

Kapil Tiwari

एमएस धोनी ( MS Dhoni ) के शहर रांची ( Ranchi ) में ग्लेन मैकग्रा युवा खिलाड़ियों को गेंदबाजी के टिप्स दे रहे है। यहां उन्होंने धोनी के रिटायरमेंट पर बातें की।

Dhoni or Macgrath

रांची। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज और महान गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा इन दिनों पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के शहर रांची में हैं। मैकग्रा यहां पर झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ( जेएससीए ) स्टेडियम में अंडर -19, अंडर -23 और रणजी टीम के तेज गेंदबाजों व उनके प्रशिक्षकों को तेज गेंदबाजी से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दे रहे हैं। बुधवार को मैकग्रा मीडिया से मुखातिब हुए तो मीडियाकर्मियों ने उनसे धोनी के रिटायरमेंट को लेकर सवाल पूछ लिया, जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि अभी धोनी के अंदर तो काफी क्रिकेट बाकि है।

धोनी के रिटायरमेंट पर ग्लेन मैकग्रा का जवाब

इंटरनेशनल क्रिकेट में 900 से ज्यादा विकेट लेने वाले ग्लेन मैकग्रा ने धोनी की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें तो अभी बहुत क्रिकेट बाकि है, उन्हें तब तक खेलते रहना चाहिए जबतक कि उनका मन करे। मैकग्रा ने कहा कि धोनी ने सीमित ओवर के क्रिकेट में भारत के लिए बहुत काम किया है, इसलिए उन्हें अपने खेल को जारी रखना चाहिए और उसको एन्जॉय करते रहना चाहिए।

टीम इंडिया के सबसे अनुभवी और सीनियर प्लेयर हैं धोनी

आपको बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी की उम्र को लेकर पिछले काफी समय से उनके रिटायरमेंट की बातें हो रही हैं, लेकिन उन्होंने समय-समय पर अपने खेल से इसका जवाब दिया है। 341 वनडे मैच खेल चुके धोनी भारत के तरफ से सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर का ही नाम आता है। 37 साल के माही ने हाल ही में राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा है। हालांकि ये कहा जाता है कि धोनी वर्ल्ड कप के बाद संन्यास ले सकते हैं। एमएस धोनी इस वक्त भारतीय टीम के सबसे सीनियर और अनुभवी प्लेयर हैं।

रांची में क्या कर रहे हैं मैकग्रा?

ग्लेन मैकग्रा धोनी के शहर रांची में घरेलू क्रिकेट के खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दे रहे हैं। दरअसल, झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन ने एक वर्कशॉप का आयोजन किया है, जिसके तहत तेज गेंदबाजों के लिए अभ्यास के साथ तकनीक का सही उपयोग, चोट से बचने के उपाय, खान-पान, ऑफ सीजन में तेज गेंदबाजों की रूटिन, व्यायाम के सही उपयोग के संबंध में मैकग्राथ अपने अनुभव खिलाडिय़ों के साथ बांटेंगे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो